21 जुलाई से रफ्तार पकड़ेगा मानसून
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: मौसम विभाग ने आज हरियाणा के 6 जिलों में बूंदाबांदी की संभावना जताई है। जिन जिलों में बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। उनमें सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर शामिल है। बाकी प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम साफ रहने का अनुमान मौसम विभाग की ओर से जताया गया है।

साइक्लोनिक सकुर्लेशन कमजोर होने के कारण दिल्ली एनसीआर सहित हरियाणा में बारिश की गतिविधियां कमजोर रहेंगी। 19 और 20 जुलाई को राज्य में तापमान बढ़ेगा, लेकिन 21 जुलाई को फिर से बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी और प्रदेश में झमाझम बारिश होगी।

कैथल-जींद में सबसे कम बारिश

अभी तक हुई बारिश की बात करें तो सबसे कम कैथल में 90.4 एमएम व जींद में 92.9 एमएम हुई है, जबकि सबसे ज्यादा यमुनानगर में 412.8 एमएम बरसात हुई। प्रदेश में अब तक 187 एमएम बारिश दर्ज की गई, जबकि सामान्य तौर पर 133.2 मिमी बारिश होनी चाहिए थी। इस तरह, प्रदेश में सामान्य से 35% ज्यादा बारिश हुई है।