Share Market Update : आरबीआई के फैसले से संभला शेयर बाजार

0
165
Share Market Update : आरबीआई के फैसले से संभला शेयर बाजार
Share Market Update : आरबीआई के फैसले से संभला शेयर बाजार

गिरावट के बाद की वापसी, अंत में हरे निशान पर हुई साप्ताहिक क्लोजिंग

Share Market Update (आज समाज), बिजनेस डेस्क : शुक्रवार को आरबीआई द्वारा लिए गए फैसलों के बाद भारतीय शेयर बाजार संभला और कई सप्ताह बाद अंत में शुक्रवार के दिन यह हरे निशान पर बंद हुआ। ज्ञात रहे कि पूरा दिन शेयर बाजार में उठापटक का दौर चलता रहा। लेकिन अंतिम समय में हुई खरीदारी की बदौलत, 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 266.47 अंक या 0.32 प्रतिशत बढ़कर 83,580.40 पर बंद हुआ।

दिन के निचले स्तर 82,925.35 से यह सूचकांक कारोबार के अंत तक 655.05 अंक चढ़ गया। अस्थिर सत्र में 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 50.90 अंक या 0.20 प्रतिशत चढ़कर 25,693.70 पर बंद हुआ। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया शुक्रवार को 36 पैसे गिरकर 90.70 (अस्थायी) पर बंद हुआ।

आरबीआई के यह फैसले रहे निर्णायक

आरबीआई ने उम्मीद के मुताबिक बेंचमार्क ब्याज दर को अपरिवर्तित रखा। साथ ही रियल एस्टेट क्षेत्र के लिए वित्तपोषण का दायरा बढ़ाने के प्रस्ताव से निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ। केंद्रीय बैंक ने रियल एस्टेट इन्वेस्टमेंट ट्रस्ट्स को बैंकों से कर्ज देने की अनुमति देने का प्रस्ताव रखा है, हालांकि इसके लिए कुछ प्रूडेंशियल सेफगार्ड्स लागू होंगे।

इस कदम का उद्देश्य रियल एस्टेट सेक्टर के लिए फंडिंग पूल को गहरा करना और दीर्घकालिक निवेश को प्रोत्साहन देना है। नीति निर्णय अनुमान के अनुरूप रहने से बाजार में अनिश्चितता घटी, जबकि आरईआईटी को कर्ज सुविधा से संबंधित घोषणा ने रियल एस्टेट और बैंकिंग शेयरों में खरीदारी को समर्थन दिया।

सोना और चांदी दूसरे दिन भी लुढ़के

भारतीय सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं सोने और चांदी की कीमतों में अस्थिरता का दौर जारी है। दो दिन पहले जहां यह तेजी से ऊपर की तरफ जा रहे थे तो वहीं पिछले दो दिन से लगातार दोनों की कीमतें लुढ़क रहीं हैं। जानकारों का कहना है कि निवेशकों द्वारा मुनाफावसूली के चलते इनके दाम में गिरावट दर्ज की जा रही है। वहीं यह भी कहना है कि वैश्विक तनाव में थोड़ी नरमी के संकेतों के चलते भी इनकी कीमत कुछ कम हुई है।

दिल्ली सर्राफा बाजार में इस तरह रहे दोनों के दाम

दिल्ली में चांदी की कीमतें 13,000 रुपये तक लुढ़क गईं, जबकि सोने की चमक भी फीकी पड़ी है। 99.9% शुद्धता वाला सोना 3,400 रुपये या 2.12% की गिरावट के साथ 1,57,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ, जबकि पिछले सत्र में इसका भाव 1,60,600 रुपये था। हालांकि, भारतीय बाजार बंद होने दौरान अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भारी उतार-चढ़ाव और रिकवरी का दौर देखा गया। शुक्रवार को चांदी की कीमतों में 4.85% की भारी गिरावट आई। यह सफेद धातु 13,000 रुपये टूटकर 2,55,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) पर बंद हुई। इससे पहले गुरुवार को यह 2,68,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।

ये भी पढ़ें : India-US Trade Deal : भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को जल्द अंतिम रूप देंगे