Share Market Update : एक बार फिर शेयर बाजार की सकारात्मक शुरुआत

0
167
Share Market Update : एक बार फिर शेयर बाजार की सकारात्मक शुरुआत
Share Market Update : एक बार फिर शेयर बाजार की सकारात्मक शुरुआत

सप्ताह के पहले दिन सेंसेक्स और निफ्टी हरे निशान पर हुए बंद

Share Market Update  (आज समाज), बिजनेस डेस्क : भारतीय शेयर बाजार ने एक बार फिर से सप्ताह के कारोबार की सकारात्मक शुरुआत की और सोमवार हो सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही पूरा दिन हरे निशान पर कारोबार करते दिखाई दिए। शेयर बाजार के जानकारों का कहना है कि शेयर बाजार की इस तेजी के पीछे दो बड़े और अहम कारण रहे।

इनमें से पहला पांच राज्यों में आए विधानसभा चुनाव परिणाम में भाजपा का शानदार प्रदर्शन और दूसरा अमेरिका-ईरान तनाव में कमी के संकेतों ने इसे मजबूती प्रदान की। इसके साथ ही वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों के चलते हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को भारतीय शेयर बाजार तेजी के साथ हरे निशान में बंद हुए।

इस तरह रहा सेंसेक्स और निफ्टी का हाल

हालांकि चुनाव परिणामों की अस्थिरता के बीच आईटी और बैंक शेयरों में गिरावट के चलते घरेलू बाजार के प्रमुख बेंचमार्क निफ्टी50 और सेंसेक्स अपने दिन के उच्चतम स्तर से नीचे बंद हुए। 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 355.90 अंक या 0.46% चढ़कर 77,269.40 अंक पर बंद हुआ। वहीं 50 शेयरों वाला निफ्टी 121.75 अंक या 0.51% चढ़कर 24,119.30 अंक पर बंद हुआ। रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 24 पैसे गिरकर अब तक के सबसे निचले स्तर 95.08 (अस्थायी) पर बंद हुआ।

दिन के कारोबार के दौरान सेंसेक्स में 900 से अधिक अंकों की उछाल आई और यह 77,257.27 पर खुलकर 77,910.75 का इंट्रा-डे हाई छुआ। वहीं निफ्टी 50 में एक प्रतिशत से अधिक की तेजी देखी गई और यह 24,063.55 पर खुलकर 24,290.20 का उच्चतम स्तर छुआ।

अदाणी पोर्ट्स ने कमाया सबसे ज्यादा लाभ

निफ्टी 50 पैक में अदाणी पोर्ट्स सबसे अधिक लाभ कमाने वाला शेयर रहा, जिसमें 5.41 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली। वहीं आयशर मोटर में 3.11 प्रतिशत की उछाल आई। इसके अलावा, अदाणी इंटरप्राइजेज, श्रीराम फाइनेंस, एचयूएल, एलएंडटी, मैक्स हेल्थ, ग्रासिम, इटरनल और सिप्ला के शेयरों में भी तेजी देखने को मिली। जबकि कोटक बैंक, भारती एयरटेल, डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज, ओएनजीसी, टीसीएस, इंडिगो, इंफोसिस और आईटीसी के शेयरों में गिरावट देखने को मिली और ये टॉप लूजर्स की लिस्ट में शामिल रहे।

ये भी पढ़ें : PM Modi News : भाजपा के हर कार्यकर्ता ने कमाल कर दिया : मोदी