शुक्रवार को एक हजार से ज्यादा अंक की आई थी तेजी

Share Market Live Update (आज समाज), बिजनेस डेस्क : शुक्रवार की जबरदस्त तेजी को भारतीय शेयर बाजार ने सप्ताह के पहले कारोबारी दिन ही गवा दिया है। आज सुबह से ही भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ काम कर रहा है। वहीं विशेषज्ञों ने इसके पीछे ईरान और इजरायल के युद्ध में अमेरिका की एंट्री बताया है। अमेरिका की ओर से ईरान में तीन प्रमुख परमाणु ठिकानों पर बमबारी के बाद पश्चिम एशिया में बढ़े तनाव के बीच इक्विटी बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट देखी जा रही है।

आज सुबह 11 बजे सेंसेक्स 600 से ज्यादा की गिरावट के साथ 81,761 अंक पर कार्य कर रहा था जबकि निफ्टी 197 से ज्यादा अंक की गिरावट के साथ 25 हजार के स्तर से फिसलता हुआ 24,915 पर बिजनेस कर रहा था। शेयर बाजार के जानकारों का कहना है कि पश्चिम एशिया के तनाव के चलते कच्चे तेल की कीमतों में अनिश्चत्ता आने वाले दिनों में बढ़ेगी और इसका असर भारतीय शेयर बाजार में भी देखने को मिलेगा।

शुक्रवार को 1046.30 अंक उछला था शेयर बाजार

बीता सप्ताह भारतीय शेयर बाजार के निवेशकों के लिए मिला जुला रहा। सोमवार से लेकर गुरुवार तक जहां शेयर बाजार में गिरावट का रुख रहा तो वहीं शुक्रवार को सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार में चौतरफा हरियाली छाई रही। जिससे मायूस हो रहे निवेशकों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 1046.30 अंक या 1.29 प्रतिशत उछलकर 82,408.17 अंक पर बंद हुआ।

कारोबार के दौरान यह 1,132.62 अंक या 1.39 प्रतिशत बढ़कर 82,494.49 अंक पर पहुंच गया। सेंसेक्स की कंपनियों में भारती एयरटेल, नेस्ले, महिंद्रा एंड महिंद्रा, पावर ग्रिड, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एनटीपीसी, इटरनल और एचडीएफसी बैंक सर्वाधिक लाभ में रहे। इसके विपरीत मारुति एकमात्र पिछड़ी कंपनी थी।

भारतीय विदेशी मुद्रा भंडार में हुई वृद्धि

वैश्विक उठापटक और टैरिफ के खौफ के बीच भारत का विदेशी मुद्रा भंडार लगातार बढ़ रहा है। रिजर्व बैंक आॅफ इंडिया द्वारा जारी किए गए ताजा आंकड़ों की बात करें तों बीते सप्ताह इसमें 2.294 अरब डॉलर की वृद्धि हुई है। इसी के चलते यह बढ़कर 698.95 अरब डॉलर हो गया। आपको बता दें कि यह लगातार दूसरे सप्ताह बढ़ा है इससे पहले यह 5.17 अरब डॉलर बढ़कर 696.65 अरब डॉलर हो गया था। विदेशी मुद्रा भंडार ने सितंबर 2024 के अंत में 704.885 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर को छूया था।