
Aaj Samaj 20th Anniversary, (आज समाज), चंडीगढ़: चंडीगढ़ के होटल ताज में ‘आज समाज’ की 20वीं वर्षगांठ के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने भी शिरकत की और आज समाज परिवार को अखबार के दो दशक के सफल सफर पर शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश से जुड़े कई अहम मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी।
सिविल अस्पतालों में बढ़ीं सुविधाएं, मशीनों की कमी दूर की
स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने कहा कि पहले सिविल अस्पतालों में अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे, सीटी स्कैन और ईएमआर जैसी जरूरी सुविधाएं नहीं थीं, लेकिन अब इन अस्पतालों को काफी हद तक दुरुस्त और आधुनिक बनाया गया है। उन्होंने बताया कि बीते एक साल में 1500 से ज्यादा डॉक्टर लगवाएं हैं। वहीं अनके नई सुविधाएं अस्पतालों में जोड़ी गई हैं। सरकार और मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य सेक्टर पर खास फोकस करने का फैसला किया है, ताकि जहां भी डॉक्टरों की कमी है, उसे जल्द पूरा किया जा सके। उन्होंने बताया कि करीब साढ़े चार सौ से ज्यादा फाइलें प्रक्रियाधीन हैं, जिन्हें जल्द निपटाया जाएगा।
जेंडर रेशियो सुधार पर जोर, आशा वर्कर्स की तैनाती और छापेमारी
जेंडर रेशियो को लेकर आरती राव ने कहा कि सरकार ने पिछले कुछ सालों में इस पर खास ध्यान दिया है और इसके नतीजे भी सामने आए हैं। जहां भी जांच होती है, वहां आशा वर्कर्स की तैनाती की गई है, खासतौर पर उन परिवारों पर नजर रखी जाती है, जहां पहले बेटी हुई है और दूसरा बच्चा होने वाला है, ताकि किसी तरह की गड़बड़ी न हो। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि लगातार छापेमारी भी की जा रही है और हाल ही में झज्जर टीम ने कार्रवाई करते हुए दोषियों को पकड़ा है।
आम आदमी को प्राइवेट अस्पताल न जाना पड़े, यही हमारा विजन
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार का एक ही विजन है कि आम आदमी को इलाज के लिए प्राइवेट अस्पतालों में न जाना पड़े और उसे सरकारी अस्पतालों में ही सभी बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने प्रधानमंत्री की आयुष्मान भारत योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इससे कमजोर वर्ग के लोगों को भी बेहतर इलाज मिल रहा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य ऐसा क्षेत्र है, जहां जितना काम किया जाए उतना कम है। नए अस्पताल बनाने के साथ-साथ पुराने अस्पतालों को मजबूत और बेहतर बनाना भी उतना ही जरूरी है।
ये भी पढ़ें : Aaj Samaj के मंच से राजनीति के दिग्गज आज कई अहम मुद्दों पर रखेंगे अपनी बात

