लगातार चौथे दिन भी सेंसेक्स और निफ्टी लुढ़के

Share Market Update (आज समाज), बिजनेस डेस्क : वैश्विक शेयर बाजारों में तेजी का रुख है लेकिन भारतीय शेयर बाजार में गिरावट जारी है। मंगलवार को लगातार चौथे दिन भी भारतीय शेयर बाजार में गिरावट का दौर जारी रहा। सेंसेक्स 636 अंक गिरकर 80,737 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी में भी 174 अंक की गिरावट रही। ये 24,542 के स्तर पर बंद हुआ।

इस दौरान सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 29 में गिरावट और सिर्फ 1 में बढ़त रही। वहीं निफ्टी 50 के 43 शेयर लाल निशान में बंद हुए। बैंकिंग, आईटी और एनर्जी शेयर्स ज्यादा गिरावट रही। शेयर बाजार में 2 जून को गिरावट रही थी। सेंसेक्स 77 अंक गिरकर 81,373 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी में भी 34 अंक की गिरावट रही। ये 24,716 के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 19 में गिरावट और 11 में तेजी रही।

ग्लोबल मार्केट में तेजी

एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई 24 अंक (0.06%) चढ़कर 37,446 पर और कोरिया का कोस्पी 1 अंक (0.05%) 2,698 पर बंद हुआ। हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग इंडेक्स 354 अंक (1.53%) चढ़कर 23,512 पर और चीन का शंघाई कंपोजिट 14 अंक (0.43%) ऊपर 3,361 पर बंद हुआ। 2 जून को अमेरिका का डाउ जोन्स 0.084% चढ़कर 42,305 पर बंद हुआ। वहीं नैस्डेक कंपोजिट 0.67% अंक चढ़कर 19,242 पर बंद हुआ।

भारतीय शेयर बाजार में रिकॉर्ड विदेशी निवेश

एक तरफ जहां विदेशी मुद्रा भंडार में जबरदस्त वृद्धि हुई है वहीं भारतीय शेयर बाजार में भी विदेशी निवेशकों ने रिकॉर्ड तोड़ निवेश किया है। वैश्विक उठापटक और पाकिस्तान के साथ तनाव के बावजूद भारतीय शेयर बाजार विदेशी निवेशकों की पसंद बना हुआ है। यही कारण है कि मई में भारतीय शेयर बाजार में रिकॉर्डतोड़ निवेश किया। इस महीने में विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) ने 19,860 करोड़ का शुद्ध निवेश किया है। यह इस साल अब तक का सबसे ऊंचा मासिक निवेश रहा।

ये भी पढ़ें : Punjab News : विपक्ष उड़ा रहा ऑपरेशन सिंदूर का मजाक : बिट्टू