1st Test IND vs SA : दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट टीम का ऐलान

0
208
1st Test IND vs SA : दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट टीम का ऐलान
1st Test IND vs SA : दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट टीम का ऐलान

शुभमन गिल के हाथ में रहेगी कमान, ऋषभ पंत की वापसी होंगे उपकप्तान

1st Test IND vs SA (आज समाज), खेल डेस्क : इंगलैंड के सफल दौरे के बाद भारत की युवा टेस्ट टीम घरेलु मैदान पर दक्षिण अफ्रीका की चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह से तैयार है। ज्ञात रहे कि दोनों टीमों के बीच दो टेस्ट मैच खेले जाने हैं। भारतीय टीम इस सीरीज में शानदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीका को क्लीन स्वीप करने की तैयारी से उतरेगी। भारतीय टीम ने पिछले दिनों वेस्टइंडीज की टीम को भी 2-0 से शिकस्त दी थी। यदि टीम इंडिया दक्षिण अफ्रीका को भी 2-0 से हराने में सफल रही तो उसे वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में फायदा मिलेगा।

पंत और आकाशदीप की टीम में वापसी

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए ऋषभ पंत की टीम में वापसी हुई है, जबकि तेज गेंदबाज आकाश दीप भी चोट के बाद वापसी कर रहे हैं। पंत को उपकप्तान की भूमिका मिली है, जबकि शुभमन गिल टीम की अगुआई करेंगे। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टेस्ट सीरीज की शुरूआत 14 नवंबर से होगी। टीम में ज्यादातर खिलाड़ी वही हैं, जो वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में टीम का हिस्सा रहे थे।

करुण नायर की एक बार फिर अनदेखी हुई है। वह हाल ही में रणजी ट्रॉफी में शानदार फॉर्म में दिखे हैं। वहीं, टीम की ओपनिंग की जिम्मेदारी एक बार फिर यशस्वी और राहुल पर ही होगी। सुदर्शन नंबर तीन की भूमिका निभाएंगे। नंबर चार पर कप्तान शुभमन गिल, देवदत्त पडिक्कल या ध्रुव जुरेल में से किसी एक को मौका मिल सकता है। अक्षर, कुलदीप, सुदंर और जडेजा के रूप में टीम में चार स्पिनर हैं, जबकि बुमराह, सिराज और आकाश के रूप में तीन पेसर हैं। नीतीश पेस बॉलिंग आॅलराउंडर के तौर पर टीम में हैं।

14 नवंबर से खेला जाएगा पहला टेस्ट

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पहला टेस्ट मैच 14 नवंबर से कोलकाता के ईडन गार्डेन्स में खेला जाएगा, जबकि दूसरा टेस्ट 22 नवंबर से गुवाहाटी में खेला जाएगा। इसके बाद दोनों टीमें 30 नवंबर से छह दिसंबर तक तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी, फिर नौ दिसंबर से 19 दिसंबर तक दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी।