अभी बढ़ेगा गर्मी का प्रकोप, आज से तीन दिन कहर बरपाएगी

Punjab Weather (आज समाज), चंडीगढ़ : इन दिनों पूरा पंजाब जबरदस्ती गर्मी का सामना कर रहा है। हालांकि पूरी मई और जून के पहले पांच दिन लोगों के लिए गर्मी से राहत भरे बीते। यहां तक कि आंधी और बारिश के दौर के बीच नौतपा भी बेअसर ही रहा। इसी बीच मानसून ने देश में समय से पहले दस्तक दी तो लोगों ने समझा कि शायद इस बार भीषण गर्मी का सामना न करना पड़े। लेकिन मौसम ने एक दम से यूटर्न लिया और गर्मी का प्रकोप तेजी से बढ़ने लगा। अब प्रदेश में गर्मी पूरे शबाब पर है। इस समय प्रदेश का बठिंडा सबसे ज्यादा गर्म है जहां पर तापमान 45 डिग्री के आसपास बना हुआ है। वहीं प्रदेश के अन्य शहरों में भी यह 40 या फिर उससे अधिक है।

तीन दिन हीट वेव का अलर्ट

भारतीय मौसम विभाग ने पंजाब के लिए तीन दिन तक हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। दिन में ही नहीं, यहां रात में भी गर्मी परेशान करेगी। विभाग के अनुसार, राज्य में तापमान सामान्य से काफी अधिक रहने की संभावना है। वहीं, 12 जून से राज्य में हालात सामान्य होने की बात कही जा रही है। राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 2.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है, जो सामान्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है।

इन जिलों में लू को लेकर अलर्ट जारी किया

आज यानी 9 जून को अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, होशियारपुर, रूपनगर, मोहाली, पटियाला, संगरूर, बरनाला, भटिंडा, फरीदकोट और मुक्तसर जिलों में ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, लुधियाना, फिरोजपुर, फाजिल्का, मानसा, बठिंडा और मोगा में यलो अलर्ट है। 10 जून को भी अधिकांश जिलों में ओरेंज चेतावनी जारी रहेगी, लेकिन 11 जून से स्थिति में कुछ सुधार होने की उम्मीद है। 12 जून तक पूरे राज्य में सामान्य स्थिति वापस आने की संभावना है।

इस बार मानसून सामान्य रहने की उम्मीद

वहीं मौसम विभाग यह स्पष्ट कर चुका है कि इस बार देश में मानसून की स्थिति अच्छी है और यह तेजी से आगे बढ़ रहा है। उम्मीद है कि 25 जून के आसपास यह पंजाब में प्रवेश कर सकता है। इसके साथ ही इस बार सामान्य से ज्यादा बारिश की भविष्यवाणी भी मौसम विभाग कर चुका है।

ये भी पढ़ें : Punjab News : अब किसी का शोषण नहीं बल्कि बराबरी के अधिकार मिल रहे : मान