प्रदेश में आज से सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ, ठंड बढ़ेगी
Haryana Weather Update, (आज समाज), चंडीगढ़: हरियाणा में ठंड में इजाफा होता जा रहा है। सर्द तेज हवाओं ने कंपकंपी बढ़ा दी है। हरियाणा के 10 शहरों में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री से नीचे चला गया था। मौसम एक्सपर्ट के अनुसार 8 दिसंबर से एक बार फिर न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। कारण पश्चिमी विक्षोभ का सक्रिय होना है।
मौसम विभाग का कहना है कि हरियाणा में आज से लगातार 3 दिन पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेगा। इस दौरान हरियाणा के 4 जिलों में शीतलहर चल सकती है। इसमें सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और पंचकूला जिले शामिल हैं। पश्चिमी विक्षोभ से पहले हरियाणा में न्यूनतम तापमान के साथ-साथ अधिकतम तापमान में भी गिरावट देखने को मिली है।
न्यूनतम और अधिकतम तापमान में आई गिरावट
राज्य में अधिकतम तापमान में 2 डिग्री की गिरावट देखने को मिली है। सबसे बड़ी गिरावट रोहतक, गुरुग्राम, नूंह और हिसार में देखने को मिली। यहां दिन का पारा 2.5 डिग्री से 3.5 डिग्री तक गिर गया। मौसम विभाग की माने तो आने वाले 3 दिनों में बादलवाई के कारण दिन का पारा गिर सकता है, वहीं रात्रि तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है।
गुरुग्राम की रात सबसे ठंडी
बुधवार रात को पारा गुरुग्राम में सबसे कम 3.5 डिग्री दर्ज किया गया था। वहीं हिसार में पारा 4 डिग्री तक पहुंच गया था। इसके अलावा बुधवार को राज्य के अधिकतम तापमान में सामान्य के मुकाबले 1.3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। यह सामान्य से करीब 2डिग्रीनीचे है, जिससे ठंड का असर बढ़ गया है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य का सबसे अधिकतम तापमान 24.9 डिग्री भिवानी में रिकॉर्ड किया गया।
8 दिसंबर से और ठंड सकती है ठंड
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ ने बताया कि आज 4 दिसंबर से एक और पश्चिमी विक्षोभ दस्तक देगा, जिससे मौसम बदलेगा। इसके बाद 8 दिसंबर को फिर से ठंड बढ़ सकती है। परंतु 8 दिसंबर से उत्तर व उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने से विशेषकर रात्रि तापमान में फिर से गिरावट की संभावना है।