कर्नाटक स्थित आईफोन असेंबली प्लांट में रिपेयर की सर्विस देगा टाटा ग्रुप
IPhone (आज समाज) नई दिल्ली: भारत में आईफोन की बढ़ती उपस्थिति को देखते हुए एपल ने फोन रिपेयर करने का काम टाटा ग्रुप को सौंपा है। इससे पहले ताइवान की कंपनी विस्ट्रॉन की भारतीय इकाई आईसीटी सर्विस मैनेजमेंट सॉल्यूशंस यह कार्य संभाल रही थी, अब वह जिम्मेदारी टाटा को दी जा रही है।अपने आईफोन असेंबली प्लांट से यह रिपेयर सर्विस देगा। भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा स्मार्टफोन बाजार है। काउंटरप्वाइंट रिसर्च के अनुसार, 2023 में भारत में लगभग 1.1 करोड़ आईफोन बिके, जिससे एपल की बाजार हिस्सेदारी 7% हो गई, जो कि 2020 में केवल 1% थी। एपल के अधिकृत सर्विस सेंटर सामान्य मरम्मत सेवाएं देते हैं, लेकिन अब जटिल समस्याओं के समाधान के लिए फोन और लैपटॉप टाटा की सुविधा पर भेजे जाएंगे। इससे ग्राहकों को बेहतर और तेज सेवा मिलने की उम्मीद है।

भारत एपल के लिए बना प्रमुख मैन्युफैक्चरिंग हब

एपल पहले ही टाटा के साथ तीन प्लांट्स में आईफोन असेंबल करवा रहा है, जो भारत और विदेशी बाजारों के लिए उत्पाद तैयार करते हैं। इन प्लांट्स में से एक में कुछ आईफोन के पुर्जे भी बनाए जाते हैं। अब यह मरम्मत सुविधा भी भारत में ही देने का निर्णय, एपल के चीन से बाहर मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ाने की रणनीति का हिस्सा है।