US-Iran Conflict : अमेरिका-ईरान में परमाणु कार्यक्रम पर वार्ता बेनतीजा

0
196
US-Iran Conflict : अमेरिका-ईरान में परमाणु कार्यक्रम पर वार्ता बेनतीजा
US-Iran Conflict : अमेरिका-ईरान में परमाणु कार्यक्रम पर वार्ता बेनतीजा

मात्र तीन घंटे चली वार्ता में दोनों अपनी-अपनी शर्तों पर अड़े, पश्चिम एशिया में आने वाले समय में अमेरिका कर सकता है बड़ी कार्रवाई

US-Iran Conflict (आज समाज), जिनेवा : अमेरिका और ईरान में तनाव बरकरार है। इससे पश्चिम एशिया में स्थिति और भी ज्यादा बिगड़ने के आसार नजर आने लगे हैं। दरअसल ईरान और अमेरिका के बीच पहले ओमान में वार्ता बेनतीजा रही इसके बाद अब जिनेवा में भी दोनों पक्षों के बीच परमाणु कार्यक्रम पर हुई वार्ता मात्र तीन घंटे में ही खत्म हो गई। इस दौरान दोनों देश अपनी-अपनी शर्तों पर अड़े रहे। जिनेवा में वार्ता व अभ्यास ऐसे समय हुए जब अमेरिका ने पश्चिम एशिया में अपनी सैन्य उपस्थिति बढ़ा दी है। जिनेवा में ईरान-अमेरिका की परोक्ष वार्ता 3 घंटे चली, जिसमें कोई नतीजा नहीं निकला।

यह बोले ईरान के विदेश मंत्री

ईरानी विदेश मंत्रालय ने कहा कि जिनेवा में परमाणु मुद्दे पर हुई परोक्ष वार्ता में प्रगति हुई है, लेकिन अभी किसी स्पष्टता के संकेत नहीं मिले हैं। अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ, जेरेड कुशनर ने ईरानी विदेश मंत्री अब्बास आराघची के साथ ओमान की मध्यस्थता में वार्ता की। वहीं, एक अमेरिकी अधिकारी ने कहा, ‘प्रगति हुई है, लेकिन अभी भी कई मुद्दों पर चर्चा बाकी है। ईरान ने अगले दो हफ्तों में हमारे रुख में मौजूद कुछ कमियों को दूर करने के लिए विस्तृत प्रस्तावों के साथ वापस आने को कहा है।’

होर्मुज स्ट्रेट अस्थाई रूप से बंद

ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट की ओर फायरिंग अभ्यास शुरू कर मिसाइलें दागीं। उसने होर्मुज स्ट्रेट को अस्थायी रूप से बंद कर दिया, जिससे क्षेत्र में तनाव है। दूसरी तरफ, अमेरिका भी इस इलाके में अपनी सैन्य ताकत बढ़ा रहा है। इन हालातों के बीच हुई इस बैठक पर पूरी दुनिया की नजर है। ईरान ने घोषणा की है कि उसके अर्ध सैनिक रिवोल्यूशनरी गार्ड ने फारस व ओमान की खाड़ी स्थित होर्मुज स्ट्रेट में अभ्यास शुरू कर दिया है। ईरान के अंदर और उसके तट व द्वीप के साथ दागी गई मिसाइलों ने होर्मुज जलडमरूमध्य में अपने लक्ष्यों को भेदा।

अमेरिकी सैन्य शक्ति में वृद्धि का विरोध

ईरान का अभ्यास अमेरिकी सैन्य शक्ति के विरोध में है। अमेरिका ने यहां अपने दो विमानवाहक पोत लगा रखे हैं। ईरानी युद्धाभ्यास का एक रेडियो संदेश होर्मुज स्ट्रेट के उत्तरी हिस्से में वहां से गुजरने वाले नौसैनिकों को भी मिला है। ईरान की यह दूसरी चेतावनी थी। इससे पहले अमेरिकी राष्टÑपति ने ईरान को सख्त चेतावनी देते हुए कहा था कि जिनेवा वार्ता में यदि अनुकूल परिणाम न निकले तो ईरान को बड़ी कीमत चुकानी होगी। ज्ञात रहे कि ट्रंप जहां ईरान को सख्त कार्रवाई की चेतावनी कई बार दे चुके हैं वहीं उन्होंने ईरान की घेराबंदी भी मजबूती से कर ली है।

ये भी पढ़ें : S. Jaishankar : दुनिया एक अस्थिर दौर में प्रवेश कर चुकी : एस. जयशंकर