US-Venezuela Conflict : वेनेजुएला में निवेश के लिए हमसे बात करें : ट्रंप

0
220
US-Venezuela Conflict : वेनेजुएला में निवेश के लिए हमसे बात करें : ट्रंप
US-Venezuela Conflict : वेनेजुएला में निवेश के लिए हमसे बात करें : ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति ने दुनिया की दिग्गज तेल कंपनियों को दिए आदेश

US-Venezuela Conflict (आज समाज), वॉशिंगटन : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला के प्रति अपने इरादे स्पष्ट करते हुए दुनिया भर के निवेशकों को यह संदेश दे दिया है कि अब वेनेजुएला में निवेश करने या फिर व्यापार करने के लिए अमेरिका से इजाजत लेनी पड़ेगी। ट्रंप ने यह बयान उस समय दिया है जब एक दिन पहले ही वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने कहा था कि अमेरिका की नजर उसके तेल भंडार पर है। इसके साथ ही उन्होंने चीन और रूस को उससे तेल व्यापार का आमंत्रण दिया था।

अपने बयान में ट्रंप ने यह कहा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में दुनिया की दिग्गज तेल-गैस कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों से मुलाकात कर साफ कर दिया कि वेनेजुएला में निवेश अब सीधे अमेरिका के साथ होगा, न कि वेनेजुएला सरकार के साथ। ट्रंप ने सुरक्षा की गारंटी देते हुए तेल उद्योग को बड़े निवेश के लिए खुला न्योता दिया। ट्रंप ने ये भी कहा कि अगर अमेरिका ने समय रहते कार्रवाई नहीं की होती, तो चीन या रूस वेनेजुएला में अपनी मजबूत मौजूदगी बना चुके होते।

व्हाइट हाउस में हुई बैठक में ट्रंप ने कहा कि निवेशक वेनेजुएला में पूरी सुरक्षा और स्थिरता के साथ काम करेंगे। उनका कहना था कि अब हालात पूरी तरह बदल चुके हैं और कंपनियां अमेरिका के साथ सीधे सौदे करेंगी। ट्रंप ने यह भी दोहराया कि दशकों पहले अमेरिका ने अपनी तकनीक और पूंजी से वेनेजुएला का तेल उद्योग खड़ा किया था, जिसे बाद में छीन लिया गया। अब अमेरिका उन परिसंपत्तियों को फिर से मजबूत करेगा।

100 अरब डॉलर का निवेश करेगा अमेरिका

ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिकी तेल कंपनियां सरकारी नहीं, बल्कि अपना पैसा लगाकर कम से कम 100 अरब डॉलर का निवेश करेंगी। यह निवेश वेनेजुएला के तेल ढांचे और उत्पादन क्षमता को दोबारा खड़ा करने के लिए होगा। उनके मुताबिक, इससे पश्चिमी गोलार्ध की दो बड़ी ऊर्जा शक्तियों की अर्थव्यवस्थाएं और गहराई से जुड़ेंगी। बैठक में मौजूद अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि यह अभियान अमेरिका को अधिक समृद्ध, शक्तिशाली और सुरक्षित बनाएगा। उनका दावा था कि इससे अमेरिका में ड्रग ओवरडोज से होने वाली मौतों में भी कमी आएगी। ट्रंप ने मीडिया से कहा कि वेनेजुएला जाने वाली कंपनियों को सुरक्षा की पूरी गारंटी दी जाएगी।