8 जनवरी 2024 को फ्रांस गया था पिहोवा की पूजा कॉलोनी वासी सुशील
पेरिस में कमरे में फंदा लगाकर किया सुसाइड
Kurukshetra News (आज समाज) कुरुक्षेत्र : हरियाणा के कुरुक्षेत्र के सुशील का शव आज 79 दिन बाद फ्रांस के पेरिस से भारत पहुंचा। नई दिल्ली से शव को सुशील के घर पिहोवा स्थित पूजा कॉलोनी लाया गया। उसके बाद शव को अंतिम संस्कार किया गया। सुशील अनमैरिड था। परिवार को 15 फरवरी को सूचना मिली कि सुशील ने पेरिस में फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया, लेकिन परिजन इस पर यकीन नहीं कर पा रहे थे। 8 फरवरी को सुशील की उसके भाई सौरव से नॉर्मल बातचीत हुई थी। 11 फरवरी को सुशील ने फेसबुक पर अपने भाई के जन्मदिन की स्टोरी भी शेयर की थी। अभी भी सुशील की मौत की वजह सामने नहीं आई है।

सुशील के पिता परिवहन विभाग से रिटायर्ड

सुशील के पिता जगदीश चंद परिवहन विभाग से रिटायर्ड हैं। उन्होंने अपनी रिटायरमेंट के पैसे और कर्ज लेकर सुशील को फ्रांस भेजा था। उम्मीद थी कि बेटा घर की तकदीर बदलेगा, लेकिन किस्मत ने ऐसा धोखा दिया कि अब उसके लौटने पर घर का चूल्हा भी ठंडा पड़ गया।

पेरिस में कपड़े के शोरूम पर काम करता था सुशील

पिछले साल 8 जनवरी को सुशील पेरिस गया था। सुशील पेरिस में कपड़े के शोरूम पर काम करता था। उसके साथ पंजाब के 3 युवक काम करते थे। सामाजिक कार्यकर्ता इकबाल सिंह और इंडियन एंबेसी की मदद से सुशील का शव भारत लाया गया। कागजी कार्रवाई में करीब 3 महीने का समय बीत गया।

यह भी पढ़ें: हरियाणा में 3 दिन तक बारिश का अलर्ट