पहाड़ों में पारा जमाव बिंदु की तरफ अग्रसर, मैदानों में भी ठंड में इजाफा
Weather Update Today (आज समाज), नई दिल्ली : दिसंबर के पहले 10 दिन गुजर चुके हैं। उत्तर भारत के मैदानी हिस्सों में इस बार सर्दी एक अलग लय के साथ आगे बढ़ रही है। दिन के समय जहां धूप खिलने से तापमान 20 डिग्री के ऊपर होता है वहीं रात के समय यह 7-8 डिग्री तक पहुंच रहा है। तापमान के असमान्य अंतर से इंसानों व जानवरों के स्वास्थ्य पर भी विपरीत असर पड़ सकता है। इसी बीच भारतीय मौसम विभाग ने चेतावनी देते हुए कहा है कि आने वाले दिनों में ठंड में तेजी से इजाफा होगा। जिससे रात के साथ-साथ दिन के तापमान में भी कमी आएगी और ठंड का प्रकोप बढ़ेगा।
पहाड़ी राज्यों में तापमान शून्य की तरफ अग्रसर
उत्तर भारत में शीतलहर और कोहरे का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। कश्मीर से लेकर हिमाचल तक पारा जमाव बिंदु से नीचे चला गया है। जोजिला जैसे इलाकों में अत्यधिक ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हिमाचल के जनजातीय क्षेत्र भी माइनस तापमान में जकड़े हुए हैं। जम्मू संभाग में भी कई जगहों पर पारा 5 डिग्री के नीचे चला गया है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड और कोहरा और बढ़ेगा, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का एक और दौर शुरू हो सकता है। 9 से 12 दिसंबर तक उत्तर-पश्चिम भारत के विस्तृत क्षेत्रों में शीतलहर और देश के कई हिस्सों विशेषकर असम, मणिपुर, पूर्वी उत्तर प्रदेश और ओडिशा में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है।
कश्मीर घाटी में पुलवामा सबसे ठंडा
कश्मीर घाटी में पुलवामा माइनस 5.1 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा रहा। शोपियां में पारा माइनस 5.0, बारामुला माइनस 4.9, पहलगाम माइनस 4.8 और अवंतिपोरा माइनस 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 3.7 डिग्री पहुंच गया। काजीगुंड और कुपवाड़ा में माइनस 3.6, गुलमर्ग में माइनस 2.5 और सोनमर्ग में माइनस 4.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
हिमाचल में कुकुमसेरी में माइनस 6.1 डिग्री
हिमाचल प्रदेश में दिन में धूप खिली रहने के बावजूद रातें और सुबह-शाम की ठंड लगातार बढ़ रही है। शिमला में रात का तापमान 9 डिग्री और नाहन में 10 डिग्री दर्ज हुआ, जबकि हमीरपुर, बिलासपुर, मंडी, ऊना, सोलन और कांगड़ा में न्यूनतम पारा 6 डिग्री से नीचे रहा। जनजातीय क्षेत्रों में पारा जमाव बिंदु से काफी नीचे चला गया है। 14 दिसंबर को लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा और कुल्लू के ऊपरी क्षेत्रों में बारिश व बर्फबारी के आसार हैं।