Chandigarh Breaking News : मिलावटी दूध बेचने पर होगी सख्त कार्रवाई : डॉ. बलबीर सिंह

0
255
Chandigarh Breaking News : मिलावटी दूध बेचने पर होगी सख्त कार्रवाई : डॉ. बलबीर सिंह
Chandigarh Breaking News : मिलावटी दूध बेचने पर होगी सख्त कार्रवाई : डॉ. बलबीर सिंह

डेयरी उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए दो-दिवसीय अभियान के दौरान 200 नमूने एकत्र किए गए

Chandigarh Breaking News (आज समाज), चंडीगढ़ : प्रदेश में डेयरी उत्पादों विशेषकर दूध में मिलावट करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने विभाग की टीमों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे प्रदेश में दूध सप्लाई का काम करने वाले लोगों की विशेष सैंपलिंग करें।

उन्होंने कहा कि प्राय यह देखा जाता है कि गर्मी में दूध का उत्पादन कम होने के कारण इसकी मात्रा की पूर्ति के लिए ये लोग मिलावट करने लगते हैं जो कि लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ है। कई बार इसके गंभीर परिणाम भी सामने आते हैं। उन्होंने विभागीय टीमों को जांच अभियान तेज करने के भी निर्देश दिए।

डेयरी फार्मों, खुदरा दुकानों से लिए सैंपल

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा राज्य में सुरक्षित और उच्च गुणवत्ता वाले खाद्य उत्पादों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निदेर्शों को पूरा करने के लिए किए जा रहे प्रयासों के तहत फूड एंड ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन (एफडीए) पंजाब ने राज्य में दूध के नमूने लेने के लिए दो-दिवसीय अभियान चलाया। यह अभियान बुधवार और वीरवार को चलाया गया। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह के निदेर्शों और एफ.डी.ए. पंजाब के कमिश्नर कंवलप्रीत बराड़ की निगरानी में चलाया गया यह अभियान डेयरी सप्लाई चेन के विभिन्न पहलुओं पर केंद्रित था।

जांच के लिए लेबोरेटरी में भेजे सैंपल

डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि राज्य भर में तड़के नाके लगाए गए थे, जिनके तहत शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में डेयरी फार्मों, संग्रह केंद्रों, प्रोसेसिंग यूनिटों और खुदरा दुकानों से दूध के 200 नमूने लिए गए। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि एकत्र किए गए नमूनों को मिलावट, अशुद्धता और निर्धारित मानकों की पालना की जांच हेतु मान्यता प्राप्त स्टेट फूड लेबोरेटरी में भेजा गया है।

उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा यदि कोई भी फूड बिजनेस आॅपरेटर (एफ.बी.ओ.) नियमों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसे फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006 के प्रावधानों के अनुसार सख्त कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। डॉ. बलबीर सिंह ने लोगों से सतर्क रहने और खाद्य पदार्थों में मिलावट के किसी भी संदिग्ध मामले की रिपोर्ट संबंधित अधिकारियों को देकर इस मिशन में अपना योगदान देने की अपील की।

ये भी पढ़ें : Punjab News Update : टैक्स चोरी करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे : चीमा