कहा, प्रदेश सरकार ने टैक्स चोरी पर सख्ती करते हुए वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान 1,137 करोड़ रुपए जुर्माना वसूला
Chandigarh Breaking News (आज समाज), चंडीगढ़। पंजाब के वित्त, योजना, आबकारी और कर मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने एक बार फिर से दोहराया है कि पंजाब में टैक्स चोरी करने वाली फर्मों और उद्योगपतियों के खिलाफ प्रदेश सरकार सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने टैक्स चोरी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई हुई है जो आगे भी जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रवर्तन के क्षेत्र में रिकॉर्ड परिणाम हासिल किए हैं, जो खुफिया जानकारी आधारित कार्रवाई और राजस्व सुरक्षा की दिशा में एक निर्णायक बदलाव को दर्शाते हैं। चीमा ने कहा, स्टेट इंटेलिजेंस एंड प्रिवेंटिव यूनिट्स की लक्षित और खुफिया जानकारी आधारित कार्रवाई के कारण राज्य के कर विभाग ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान 1,383.11 करोड़ रुपए का भारी जुर्माना लगाया। इसमें से 1,137.85 करोड़ रुपये की वसूली पहले ही की जा चुकी है, जो प्रवर्तन की दक्षता और राजस्व संग्रह में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
इस तरह की गई कार्रवाई
वित्त मंत्री ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि निरीक्षण आधारित प्रवर्तन ने मुख्य भूमिका निभाई, जिसमें 1,215.95 करोड़ रुपए का जुर्माना और 972.15 करोड़ रुपए की वास्तविक वसूली शामिल है। इसके अलावा, सड़क चेकिंग अभियानों ने 165.71 करोड़ रुपए का योगदान दिया। यह प्रदर्शन वित्तीय वर्ष 2024-25 की तुलना में कई गुना सुधार को दर्शाता है। वर्ष 2024-25 में निरीक्षण प्रवर्तन के तहत 147.28 करोड़ रुपये का जुर्माना और 41.53 करोड़ रुपये की वसूली हुई थी, जबकि सड़क चेकिंग से 157.14 करोड़ रुपये प्राप्त हुए थे। वर्ष 2025-26 में यह उल्लेखनीय वृद्धि राज्य की जांच, प्रवर्तन और वास्तविक राजस्व संग्रह क्षमता में बड़े बदलाव को उजागर करती है।
आठ एफआईआर और 15 गिरफ्तारियां भी हुई
धोखेबाज नेटवर्करों पर सख्ती का उल्लेख करते हुए वित्त मंत्री ने कहा, कर विभाग ने वर्ष भर में 8 एफआईआर दर्ज कीं और 15 गिरफ्तारियां कीं। दो प्रमुख मामलों में सात व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आई और 385 करोड़ रुपये के धोखाधड़ी लेन-देन का पदार्फाश हुआ। इन लक्षित कार्रवाइयों से बिना वास्तविक आपूर्ति के फर्जी इनवॉइस जारी करने वाली फर्मों द्वारा 69.57 करोड़ रुपये की टैक्स चोरी उजागर हुई।
उन्होंने आगे कहा कि माल की अवैध ढुलाई और फर्जी बिलिंग नेटवर्क के खिलाफ बठिंडा, मंडी गोबिंदगढ़, लुधियाना और चंडीगढ़ में अन्य एफआईआर दर्ज की गईं। एक महत्वपूर्ण कार्रवाई में 9 करोड़ रुपये से अधिक के फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट पास करने के आरोप में लुधियाना के एक संचालक को गिरफ्तार किया गया।
ये भी पढ़ें : Punjab News : प्रदेश के कृषि क्षेत्र को दी जाएगी नई दिशा : खुड्डियां


