25 जून तक प्रदेशभर में बारिश के आसार, 28 को पहुंचेगा मानसून
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: मौसम विभाग ने आज पूरे प्रदेश में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश में 25 जून तक बारिश के होने की संभावना जताई है। 28 जून को प्रदेश में मानसून दस्तक देगा। मौसम विभाग का कहा है कि आज कैथल, कुरुक्षेत्र, अंबाला और यमुनानगर में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने के आसार है। वहीं अन्य जिलों में भी बादलवाई, गरज व चमक के साथ बरसात का अनुमान है। मानसून की हवाएं इस बार अरब सागर और बंगाल की खाड़ी दोनों तरफ से आ रही हैं।
जब दोनों दिशाओं से नमी भरी हवाएं टकराती हैं, तो कई बार भारी बारिश भी होती है। पिछले 24 घंटे के मौसम में हुए बदलाव की बात करें तो प्रदेशभर के सभी जिलों के अधिकतम तापमान में केवल बढ़ोतरी ही दर्ज की गई। हरियाणा के अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी जिला सोनीपत के जगदीशपुर केवीके एरिया में 4.6 डिग्री सेल्सियस की दर्ज की गई।
सिरसा रहा सबसे गर्म जिला
हरियाणा के अधिकतम तापमान में शनिवार को अधिकतम तापमान में 2.5 डिग्री बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं प्रदेश का अधिकतम तापमान भी सामान्य से आसपास बना हुआ है। इधर, प्रदेश का सबसे गर्म जिला सिरसा रहा। सिरसा का अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस मापा गया।