मौसम विभाग ने 30 मई तक राज्य में कहीं भी लू चलने की संभावना से किया इंकार
Punjab Weather Update (आज समाज), चंडीगढ़ : प्रदेश में आजकल मौसम काफी ज्यादा परिवर्तनशील बना हुआ है। कुछ जिलों में गर्मी अपना प्रचंड रूप दिखा रही है तो वहीं कई जिलों में तेज हवाओं और हल्की बारिश के चलते इससे राहत है। वहीं चंडीगढ़ मौसम विभाग का कहना है कि मौसम के परिवर्तनशील बने रहने का फायदा यह हो रहा है कि प्रदेश में तापमान सामान्य से कम चल रहा है।
दूसरी तरफ मौसम विभाग ने आज हिमाचल प्रदेश से सटे 10 जिलों में बारिश और तेज हवाओं के साथ आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। जिन जिलों में अलर्ट जारी किया गया है उनमें होशियारपुर, गुरदासपुर, रोपड़, नवांशहर, पठानकोट, तरनतारन, अमृतसर, जालंधर, कपूरथला और मोहाली। इन इलाकों में आंधी और बिजली गिरने की संभावना भी है।
नौतपा के बावजूद सामान्य से कम तापमान
पंजाब में नौतपा के दौरान भी मौसम बदल रहा है। राज्य के तापमान में 2.7 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है, इसके बावजूद तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस कम है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार लुधियाना जिले के समराला में सबसे अधिक 40.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। वहीं, पिछले 24 घंटों में अधिकतर जिलों में तापमान में बढ़ोतरी देखी गई।
धान के लिए जरूरी है सामान्य बारिश
मौसम विभाग का कहना है कि इस वर्ष देश में समय से करीब एक सप्ताह पहले ही मानसून की एंट्री हो चुकी है। यही नहीं यदि मौसम की गतिविधियां सामान्य रहती हैं तो देश में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है। यदि ऐसा रहता है तो धान के सीजन में पंजाब के किसानों को भूमिगत जल पर कम से कम निर्भर रहना पड़ेगा। सामान्य बारिश से जहां फसलों की पैदावार में वृद्धि होगी वहीं भूमिगत जल का लेवल भी बढ़ेगा जोकि सभी के लिए अच्छा रहेगा।
ये भी पढ़ें : Jalandhar Crime News : जालंधर पुलिस ने अहमदाबाद से वांटेड आतंकी पकड़ा