Punjab News: पंजाब से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। घरेलू विवाद में पति ने पहले पत्नी को गंडासे से काटकर मार डाला, फिर खुद जहर खाकर जान दे दी। घटना हल्का महल कलां क्षेत्र के गांव चन्नणवाल की है, जहां खेतों में पशुओं के लिए चारा काट रही महिला की उसके पति ने कथित तौर पर गंडासे से हमला कर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद पति ने भी जहरीला पदार्थ निगल लिया। गंभीर हालत में उसे सरकारी अस्पताल बरनाला ले जाया गया, जहां उसकी भी मौत हो गई।
गंडासे से मौत के घाट उतारा
जानकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान कुलविंदर कौर और उसके पति भोला सिंह के रूप में हुई है। कुलविंदर कौर गांव के खेतों में पशुओं के लिए चारा काटने गई थी। उस समय उसके साथ मनजीत कौर नामक महिला भी मौजूद थी। प्रत्यक्षदर्शी मनजीत कौर के अनुसार, इसी दौरान भोला सिंह पीछे से वहां पहुंचा और कथित तौर पर गंडासे से कुलविंदर कौर पर हमला कर दिया। हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
जहर खाकर दी जान
पत्नी की हत्या करने के बाद भोला सिंह गांव पहुंचा और उसने कथित तौर पर कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया। इसके बाद उसे गंभीर हालत में सरकारी अस्पताल बरनाला ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
नशे का आदी था पति
जानकारी के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। पैसों के लेन-देन को लेकर भी दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती थी। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि भोला सिंह नशे का आदी था। दंपत्ति की तीन बेटियां और एक बेटा है।
पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। डीएसपी जसविंदर कौर ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। आरोप है कि भोला सिंह ने अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद जहरीला पदार्थ निगल लिया। गंभीर हालत में उसे सरकारी अस्पताल बरनाला भेजा गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दोनों की मौत से जुड़े पूरे मामले की जांच की जा रही है।


