Haryana News: यमुनानगर जिले से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। जगाधरी में पांवटा नैशनल हाइवे पर शनिवार शाम एक ट्रैक्टर ट्रॉली ने एक्टिवा को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक्टिवा सवार दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
स्कूटी पर तीन बच्चे सवार
जानकारी के मुताबिक, मुरसीदा के सुघ गांव निवासी एक्टिवा चालक महिला अपने चार साल के बेटे अरहम, 16 साल की बेटी रानी उर्फ महक, डेढ़ साल के बेटे सिफान के साथ जा रही थी। पुरानी लक्कड़ मंडी में सरस्वती स्कूल कट पर एक्टिवा रेत लेकर जा रहे ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आ गई। पहिए के नीचे आने से रानी उर्फ महक व अरहम की मौत हो गई।
डेढ़ वर्षीय बच्चा बचा
मुरसिदा गंभीर रूप से घायल हो गई। संयोग से डेढ़ वर्षीय सिफान बच गया। हादसे के बाद नैशनल हाइवे पर कुछ देर के लिए जाम लग गया। थाना शहर जगाधरी व बूडिया गेट चौंकी जगाधरी पुलिस मौके पर पहुंच गयी।
घायल महिला का इलाज जारी
घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं बच्चे व लड़की के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी है।


