Snowfall in Rohtang, Kullu valley in the grip of cold: रोहतांग में बर्फबारी, ठंड की चपेट में आई कुल्लू घाटी

0
351
शिमला/कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट बदली है। राज्य के निचले इलाकों में जहां बीती रात बारिश हुई, वहीं ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई है। इससे राज्य में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। विश्व प्रसिद्ध रोहतांग दर्रे पर बीती रात और सुबह करीब ढाई इंच बर्फबारी हुई है। बर्फबारी से वाहन चालकों को भी खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, लाहौल-स्पीति के जिला मुख्यालय केलंग की पहाड़ियों में ताजा बर्फबारी होने से तापमान में भी गिरावट हो गई है। बर्फबारी के कारण लाहौल-स्पीति व कुल्लू जिला में लोगों ने गर्म कपड़े पहनने शुरू कर दिए हैं। कुल्लू जिला में पिछले 3 दिन से मौसम खराब चल रहा है, जिस कारण तापमान में गिरावट होने से लोगों को ठंड का एहसास हो रहा है।
सात अक्टूबर तक मौसम खराब रहेगा
मौसम विभाग के अनुसार 7 अक्टूबर तक प्रदेश में मौसम खराब रहने का अनुमान है। इस दौरान ऊंची पहाड़ियों में बर्फबारी की संभावना है। कुल्लू जिला में मौसम खराब होने के बाद बागबानों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि इस समय ऊंचाई वाले इलाकों में सेब का सीजन जोरों पर है। ऐसे में लगातार मौसम खराब होने से बागबानों को फसल निकालने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उधर, राजधानी शिमला में भी बीती रात से ठंड का प्रकोप है। आसमान में बादल छाए हैं और ठंडी हवाएं चल रही हैं। ठंडी हवाओं से यहां तापमान में भी गिरावट आई है और लोगों ने गर्म कपड़े निकाले हैं। राजधानी में शुक्रवार सुबह से ही ठंड का माहौल रहा और दोपहर के वक्त बारिश का दौर शुरू हो गया और इससे ठंड में और इजाफा हो गया। हालांकि फिर बारिश थमने के बाद लोगों ने इससे राहत ली, लेकिन ठंड से निजात नहीं मिली।
SHARE