Haryana News: चंडीगढ़ के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने का सिलसिला थमता नहीं दिख रहा है। गुरुवार को एक ईमेल में कुछ सरकारी और प्राइवेट स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। कुछ दिन पहले भी शहर के चार स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी, जिसके बाद पुलिस ने स्कूलों में तलाशी अभियान चलाया था। हालांकि, पुलिस को उन स्कूलों से कोई संदिग्ध सामान नहीं मिला था।
धमकी में इन स्कूलों का नाम
गुरुवार को जिन स्कूलों को उड़ाने की धमकी दी गई है उनमें सेक्टर-29 स्थित द ट्रिब्यून स्कूल, सेक्टर-46ए स्थित आशियाना स्कूल, मनीमाजरा का रिमिट स्कूल, सेक्टर-20डी का सरकारी स्कूल, सेक्टर-28 का सेंट सोल्जर्स स्कूल, सेक्टर-41सी का शिवालिक पब्लिक स्कूल, सेक्टर-26 का सेंट जॉन स्कूल, सेक्टर-37 का सेंट पीटरसन स्कूल और इसी सेक्टर का प्ले वे स्मार्ट स्कूल शामिल हैं। एक के बाद एक कई स्कूलों के नाम सामने आने से शहर में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
इन स्कूलों को भी धमकी
गौरतलब है कि इससे पहले सेक्टर-56, सेक्टर-33डी, सेक्टर-19सी और सेक्टर-23 के सरकारी स्कूलों को भी धमकी भरे ईमेल मिलने की सूचना सामने आई थी।
ट्रेस करने में लगी पुलिस
हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि सभी धमकी भरे ईमेल एक ही स्रोत से भेजे गए हैं या इनके पीछे अलग-अलग लोग हैं। ईमेल भेजने वालों की पहचान और धमकी की वास्तविकता को लेकर भी आधिकारिक पुष्टि उपलब्ध नहीं है।


