Punjab News: परविंदर सिंह झोटा की पत्नी को 2 करोड़ मुआवजा और नौकरी, पोस्टमॉर्टम और अंत्येष्टि के लिए तैयार हुए परिजन

0
39
पंजाब में नशे के खिलाफ अभियान चलाने वाले सामाजिक कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। झोटा के शव का पोस्टमॉर्टम और अंतिम संस्कार करने के लिए पंजाब सरकार और एक्शन कमेटी के बीच सहमति बन गई है।

Punjab News: पंजाब में नशा विरोधी अभियान चलाने वाले सामाजिक कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। झोटा के शव का पोस्टमॉर्टम और अंतिम संस्कार करने के लिए पंजाब सरकार और एक्शन कमेटी के बीच सहमति बन गई है। समझौते के मुताबिक, पंजाब सरकार की ओर से परविंदर सिंह झोटा की पत्नी को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी और 2 करोड़ रुपये मुआवजे के तौर पर दिए जाएंगे।

5 घंटे तक चली बैठक

पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां, कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां और पुलिस के उच्च अधिकारियों के साथ एक्शन कमेटी की करीब 5 घंटे चली बैठक में जेल में बंद लाखा सिधाना समेत अन्य नेताओं की रिहाई और कई मांगों पर सहमति बनी।

दो करोड़ मुआवजा और नौकरी

सरकार ने परिवार को 2 करोड़ रुपये मुआवजा और नौकरी देने का भरोसा दिया गया है। नेताओं की रिहाई के बाद झोटा का पोस्टमॉर्टम होगा और इसके अगले दिन अंतिम संस्कार किया जाएगा। वहीं, 5 नवंबर को मुख्यमंत्री आवास के घेराव का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है।

दलजीत की पत्नी को भी नौकरी

दलजीत सिंह भम्मे के परिवार को भी नौकरी और मुआवजा देने का भरोसा दिया गया है। एक्शन कमेटी के मीडिया इंचार्ज हरदीप सिंह सिद्धू ने बताया कि बैठक के दौरान जेल में बंद लाखा सिधाना और अन्य नेताओं की रिहाई के मुद्दे पर कई घंटे तक पेच फंसा रहा। अन्य मांगों पर करीब सहमति बनने के बावजूद एक्शन कमेटी नेताओं की रिहाई के बिना पोस्टमॉर्टम और अंतिम संस्कार के लिए तैयार नहीं थी।

झोटा के नाम पर ट्रॉमा सेंटर

सिद्धू के अनुसार, बैठक में ख्याला कलां में परविंदर सिंह झोटा के नाम पर ट्रॉमा सेंटर बनाने के लिए एक सप्ताह के भीतर मंजूरी देने पर सहमति बनी। इसके अलावा, संबंधित पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के खिलाफ समयबद्ध उच्च स्तरीय जांच करवाने तथा झोटा के परिवार को नौकरी और मुआवजा देने का भरोसा दिया गया।

झोटा की लगेगी प्रतिमा

परिवार के अनुसार, झोटा की याद में प्रतिमा लगाने पर भी सहमति बन गई है, लेकिन घटनास्थल पर प्रतिमा स्थापित करने को लेकर सहमति नहीं बन सकी। सरकार के प्रतिनिधियों का कहना था कि घटनास्थल निजी संपत्ति होने के कारण वहां प्रतिमा लगाने में कानूनी अड़चन आ सकती है।

13 अक्तूबर को हुई थी हत्या

परविंदर सिंह झोटा पंजाब के मानसा जिले के एक प्रमुख नशा-विरोधी सामाजिक कार्यकर्ता थे। 13 अक्तूबर, 2026 को मानसा में एक मेडिकल स्टोर संचालक अश्वनी कुमार ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी थी। यह पूरी घटना उस समय फेसबुक लाइव के दौरान कैमरे में कैद हुई थी जब वह नशे के प्रतिबंधित पदार्थों की बिक्री को लेकर केमिस्ट से बात कर रहे थे। पुलिस ने मुख्य आरोपी अश्वनी कुमार को राजस्थान के सालासर से गिरफ्तार कर लिया था।