
फिरोजपुर में चार दिनों के भीतर सीमा पार से चल रहे दो नशा तस्करी मॉड्यूलं का किया गया पर्दाफाश
Punjab Crime News (आज समाज), फिरोजपुर : एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) फिरोजपुर रेंज ने सीमा पार से चल रहे नशा तस्करी मॉड्यूल से संबंधित तीन व्यक्तियों को 30.672 किलोग्राम हेरोइन समेत गिरफ्तार कर इस मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है।
यह जानकारी देते हुए डायरेक्टर जनरल आॅफ पुलिस (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान अनमोलप्रीत सिंह उर्फ अनमोल (24) निवासी कसूरी गेट, फिरोजपुर; आकाश सिंह उर्फ आकाश (22) निवासी गांव गुलाम पत्तड़ा, फिरोजपुर और वर्तमान पता संत कबीर नगर, फिरोजपुर और अंशप्रीत सिंह उर्फ अंश (25), निवासी राजघाट, फिरोजपुर के रूप में हुई है। हेरोइन की बड़ी खेप बरामद करने के अलावा, तस्करी की गतिविधियों के लिए इस्तेमाल की जा रही एक हुंडई वर्ना कार (पीबी-77-5973) भी बरामद की गई है।
इस तरह मिली पुलिस को सफलता
डीजीपी ने बताया कि यह सफलता पंजाब पुलिस द्वारा सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के साथ संयुक्त आॅपरेशन के दौरान 30.200 किलोग्राम हेरोइन समेत दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर सीमा पार से चल रहे नशा तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश करने के कुछ दिनों बाद हासिल हुई है। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि यह खेप विदेशी नशा तस्कर द्वारा अंतरराष्ट्रीय सीमा पार से भेजी गई थी और यह खेप एक भारतीय तस्कर द्वारा आगे सप्लाई करने के लिए फिरोजपुर के गांव अली के के क्षेत्र से प्राप्त की गई थी। उन्होंने बताया कि सीमा पार के हैंडलरों से जुड़े सभी व्यक्तियों की पहचान करने और इस नेटवर्क के आगे-पीछे के संबंध स्थापित करने के लिए आगे की जांच जारी है।
इस तरह पुलिस ने चलाया पूरा अभियान
इस आॅपरेशन के बारे में जानकारी देते हुए एडिशनल डायरेक्टर जनरल आॅफ पुलिस (एडीजीपी) एएनटीएफ नीलभ किशोर ने बताया कि आरोपियों द्वारा इस बड़ी खेप की प्राप्ति के बाद इस खेप को ले जाने संबंधी प्राप्त ठोस मानवीय खुफिया जानकारी पर कार्रवाई करते हुए, एसपी एएनटीएफ फिरोजपुर रेंज गुरिंदरबीर सिंह के नेतृत्व में एएनटीएफ टीमों ने फिरोजपुर-फाजिल्का रोड पर एक विशेष आॅपरेशन चलाया। उन्होंने बताया कि इस दौरान तीन संदिग्ध व्यक्तियों को रोका गया जो अपनी हुंडई वर्ना कार में जा रहे थे। उन्होंने बताया कि उनकी गाड़ी की तलाशी के दौरान 30.672 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई।

