Punjab News: लड़की की आवाज में बात कर युवक को ऑस्ट्रेलिया भेजने का दिया झांसा, फिर 2.39 लाख रुपये ठगे

0
52
Punjab Cyber Scam News: स्नैपचैट पर लड़की की आवाज में बात कर एक युवक को पहले ऑस्ट्रेलिया की वीजा दिलाने का झांसा दिया। फिर उससे 2.39 लाख रुपये की ठगी कर ली। अब इस मामले में साइबर क्राइम पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने फर्जी पहचान से पीड़ित से पैसे ठगे थे।
Snapchat Australia visa scam Punjab, fake woman voice Snapchat fraud, Rs 2.39 lakh cyber fraud case, Punjab cyber crime latest news, Australia visa online scam case, Snapchat fake profile cheating case, स्नैपचैट से ठगी, साइबर क्राइम न्यूज, पंजाब साइबर ठगी
पंजाब में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है।

Snapchat Fraud in Punjab: पंजाब से एक साइबर फ्रॉड का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। विदेश जाने का सपना दिखाकर साइबर ठगों ने एक युवक को ऐसा जाल में फंसाया कि उसने अपनी मेहनत की कमाई के 2 लाख 39 हजार रुपये गंवा दिए। आरोपी ने स्नैपचैट पर पहले लड़की बनकर बात की और फिर ऑस्ट्रेलिया का वीजा दिलाने का भरोसा देकर अलग-अलग किस्तों में पैसे लेता रहा। जब रकम मिल गई तो फोन बंद कर दिया। अब साइबर क्राइम पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

स्नैपचैट पर आया था मैसेज

पुलिस के अनुसार जगराओं के गांव कुलार निवासी मनजोत सिंह विदेश जाकर ऑस्ट्रेलिया में काम करना चाहता था। इसी दौरान 13 मई 2026 को उसके स्नैपचैट अकाउंट पर एक आईडी से मैसेज आया। मैसेज में ऑस्ट्रेलिया का वीजा लगवाने की बात कही गई थी। मनजोत ने जब उस आईडी से संपर्क किया तो दूसरी तरफ से एक व्यक्ति ने लड़की की आवाज में उससे बात की। उसने अपना नाम बरकत कौर गिल बताया और खुद को ऑस्ट्रेलिया में रहने वाली एनआरआई बताया। बातचीत के दौरान उसने मनजोत को भरोसा दिलाया कि वह उसका ऑस्ट्रेलिया का वीजा लगवा सकती है।

45 हजार रुपये से शुरू हुई ठगी

शिकायत के मुताबिक फर्जी महिला ने मनजोत को बताया कि उसने पहले एक लड़की का ऑस्ट्रेलिया का वीजा लगवाया था, लेकिन वह लड़की विदेश नहीं जा सकी। उसके पैसे अभी एजेंट के पास फंसे हुए हैं। आरोपी ने मनजोत से कहा कि अगर वह 45 हजार रुपये दे दे तो उसी प्रक्रिया के जरिए उसके नाम पर वीजा लगवाया जा सकता है। बात को और भरोसेमंद बनाने के लिए महिला की दादी बनकर भी एक व्यक्ति ने मनजोत से फोन पर बात की। उसने भी महिला के ऑस्ट्रेलिया में रहने और वीजा लगवाने की बात की पुष्टि की। इन बातों पर विश्वास करके मनजोत ने पैसे भेजने शुरू कर दिए।

अलग-अलग बहानों से लिए पैसे

पुलिस को दी शिकायत के अनुसार मनजोत ने अलग-अलग तारीखों पर कई बार पैसे भेजे। 15 मई को 44750 रुपये, 18 मई को आईलेट्स सर्टिफिकेट के नाम पर 50 हजार रुपये, 20 मई को वीजा के लिए 50 हजार रुपये, 21 मई को 25 हजार रुपये और 23 मई को कुल 70 हजार रुपये भेजे गए। इस तरह कुछ ही दिनों में आरोपी ने मनजोत से कुल 2,39,750 रुपये हासिल कर लिए। इसके बाद महिला ने कहा कि वह 24 मई को भारत आ रही है और आगे की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। मनजोत के अनुसार 24 मई के बाद जब उसने संपर्क करने की कोशिश की तो मोबाइल फोन बंद मिलने लगा। कई बार कोशिश करने के बावजूद जब बात नहीं हुई तो उसे समझ आया कि उसके साथ धोखा हुआ है। इसके बाद उसने साइबर क्राइम पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने आरोपी को किया अरेस्ट

साइबर क्राइम एएसआई जगरूप सिंह के मुताबिक शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले। इसके बाद पुलिस ने अमन, निवासी वार्ड नंबर-2, पक्का दरवाजा, कुराली (मोहाली) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या उसने इसी तरीके से अन्य लोगों को भी विदेश भेजने का झांसा देकर ठगी की है। यह मामला दिखाता है कि सोशल मीडिया पर विदेश में नौकरी पाने की चाह कितनी खतरनाक हो सकती है।