Punjab News: मलोट-अबोहर हाईवे पर तेज रफ्तार पिकअप ने पुलिस कांस्टेबल को कुचला, इलाज के दौरान मौत

0
55
Punjab Road Accident: पंजाब के मुक्तसर जिले में मलोट-अबोहर हाईवे पर गांव पक्की टिब्बी के पास तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से ड्यूटी पर तैनात 36 वर्षीय सीनियर कांस्टेबल चंदन पांडे की मौत हो गई। पिकअप बैरिकेड तोड़कर कांस्टेबल को कुचलते हुए निकल गई।
Punjab Police Constable Death, Malout Abohar Highway Accident, Chandan Pandey, Punjab Road Accident, Pickup Driver Absconding, Punjab Latest News, पंजाब पुलिस कांस्टेबल मौत, मलोट अबोहर हाईवे हादसा, पंजाब न्यूज, पंजाब सड़क हादसा
पिकअप की टक्कर में घायल कॉन्स्टेबल चंदन पांडे की मौत हो गई। (File Photo)

Punjab Highway Accident: पंजाब के मुक्तसर जिले में मलोट-अबोहर नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में पंजाब पुलिस के सीनियर कांस्टेबल चंदन पांडे की मौत हो गई। गांव पक्की टिब्बी के पास अंतरजिला नाके पर वाहनों की जांच के दौरान एक तेज रफ्तार पिकअप बैरिकेड तोड़ते हुए कांस्टेबल को टक्कर मारकर निकल गई। गंभीर रूप से घायल पुलिसकर्मी को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन बरामद कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।

बैरिकेड तोड़कर कांस्टेबल को मारी टक्कर

जानकारी के अनुसार हादसा शुक्रवार रात करीब 10 बजे हुआ। सीनियर कांस्टेबल चंदन पांडे थाना कबरवाला में तैनात थे और अपने साथी पुलिसकर्मियों के साथ गांव पक्की टिब्बी के नजदीक अंतरजिला नाके पर ड्यूटी कर रहे थे। इस दौरान मलोट की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक पिकअप गाड़ी ने बैरिकेड पार कर लिया और कांस्टेबल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि चंदन पांडे सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। हादसे के बाद चालक कुछ दूरी पर पिकअप छोड़कर फरार हो गया।

मलोट से भुच्चो अस्पताल ले जाया गया

गंभीर रूप से घायल कांस्टेबल को पहले सिविल अस्पताल मलोट ले जाया गया। उनकी हालत को देखते हुए बाद में उन्हें भुच्चो स्थित आदेश अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। चंदन पांडे की मौत की खबर से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। वह 36 वर्ष के थे। उनके परिवार में माता, पत्नी, दो बच्चे और भाई हैं। ड्यूटी के दौरान हुए इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

पिकअप बरामद, फरार चालक की तलाश जारी

लंबी के डीएसपी हरबंस सिंह के मुताबिक हादसे में शामिल पिकअप वाहन बरामद कर लिया गया है। पुलिस संबंधित लोगों के बयान दर्ज कर कानूनी कार्रवाई कर रही है। फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तलाश जारी है। पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों और बयानों के आधार पर की जाएगी। फिलहाल पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।