Punjab Crime News : पाकिस्तानी ड्रोन ने गिराई भारतीय सीमा में हेरोइन, तस्कर उठाने पहुंचे तो पुलिस देखकर भागे

0
47
पाकिस्तान की तरफ से हेरोइन की खेप भारतीय सीमा के अंदर गिराई गई। लेकिन जब तक इस हेरोइन की खेप को नशा तस्कर उठा पाते। उससे पहले ही पंजाब पुलिस की टीम उक्त स्थान पर पहुंच गई और हेरोइन सहित नशा तस्करों की बाइक भी जब्त कर ली।
Punjab Crime News : पाकिस्तानी ड्रोन ने गिराई भारतीय सीमा में हेरोइन, तस्कर उठाने पहुंचे तो पुलिस देखकर भागे
Punjab Crime News : पाकिस्तानी ड्रोन ने गिराई भारतीय सीमा में हेरोइन, तस्कर उठाने पहुंचे तो पुलिस देखकर भागे

पुलिस ने 10 किलो हेरोइन और तस्करों की बाइक की जब्त

Punjab Crime News (आज समाज), अमृतसर : पंजाब को एक बार फिर से नशा व अपराध मुक्त करने के लिए प्रदेश में विशेष अभियान चलाया हुआ है। इस अभियान के तहत प्रदेश पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। इसी छापेमारी के दौरान एक बार फिर से अमृतसर देहात पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 10 किलो हेरोइन और एक बाइक बरामद की है।

दरअसल पाकिस्तानी ड्रोन द्वारा भारतीय सीमा में हेरोइन गिराने की सूचना तस्करों के साथ ही पुलिस को भी मिल गई। इसके बाद जब नशा तस्कर हेरोइन की खेप को उठाने पहुंचे तो वहां पर पहले से पुलिस मौजूद देखकर वे घबरा गए और अपनी बाइक वहीं पर छोड़कर वहां से भाग गए। जिसके बाद पुलिस ने मौके से 10 किलो हेरोइन और तस्करों की बाइक कब्जे में ले ली।

सीलबंद पैकेटों में थी हेरोइन

दरअसल पाकिस्तान की तरफ से तस्करों ने ड्रोन के माध्यम से हेरोइन की खेप को अमृतसर देहात में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास स्थित गांव सूफियां के खेतों में गिराया था। हेरोइन को एक-एक किलो के सीलबंद पैकेटों में भरा गया था। तस्कर खेतों से इसे उठाने पहुंचे थे, लेकिन पुलिस की गतिविधियों की भनक लगते ही वे मौके से फरार हो गए। तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने खेतों से 10 सीलबंद पैकेट बरामद किए। बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन करीब 10 किलोग्राम बताया जा रहा है।

आरोपी तस्करों तक पहुंचा सकती है जब्त की गई बाइक

पुलिस ने बरामद मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का मानना है कि मोटरसाइकिल के पंजीकरण और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है। फिलहाल पुलिस मोटरसाइकिल के मालिक और उससे जुड़े लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सीमा पार से ड्रोन के जरिए नशे की खेप भेजने की कोशिशों को लगातार नाकाम किया जा रहा है। मामले की हर पहलू से जांच जारी है और जल्द ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की उम्मीद है।