Haryana News: मैड संधू हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, विदेशी आकाओं के हुक्म पर हुआ मर्डर, शिकंजे में 8 आरोपी

0
75
सोशल मीडिया 'इन्फ्लुएंसर' मैड संधू की हत्याकांड में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। इस हत्याकांड के एक प्रमुख आरोपी जोबनप्रीत को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है।

Haryana News: सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मैड संधू हत्याकांड में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। इस हत्याकांड के एक प्रमुख आरोपी जोबनप्रीत को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है। अमृतसर की लोहारका रोड पर मोटरसाइकिल सवार दो लोगों ने तीन अक्तूबर को संधू की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस इस मामले में अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।

आरोपी से 3 पिस्तौल बरामद

पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने गिरफ्तारी की जानकारी देते हुए एक्स पर लिखा, ”जालंधर की काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट ने मैड संधू हत्याकांड में एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुंबई के आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) के साथ मिलकर प्रमुख आरोपी जोबनप्रीत को मुंबई से गिरफ्तार किया है। उसके पास से तीन पिस्तौल, पांच मैगजीन और 11 कारतूस बरामद किए गए हैं।”

विदेश में बैठे लोगों ने दिया निर्देश

यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि विदेश में बैठे लोगों के निर्देश पर जोबनप्रीत ने हमलावरों तक हथियार पहुंचाने, उन्हें पैसे मुहैया कराने और अन्य जरूरी मदद उपलब्ध कराने में भूमिका निभाई थी। डीजीपी ने पोस्ट में कहा, ”उसने तरनतारन जिले में रंगदारी वसूली से जुड़ी गोलीबारी की तीन घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है।”

इनकी हो चुकी है गिरफ्तारी

पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद अमृतसर पुलिस आयुक्तालय की टीम ने गुजरात पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें मुख्य हमलावर परमिंदर सिंह उर्फ काका के अलावा बलराज सिंह उर्फ बंटी, विकास सिंह, बलजिंदर सिंह उर्फ लाली, अमनदीप सिंह और परमवीर सिंह शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि इन लोगों ने हत्या से पहले रेकी करने, हथियार उपलब्ध कराने और अपराध को अंजाम देने के लिए अन्य जरूरी मदद मुहैया कराने में भूमिका निभाई थी।