Haryana News: हरियाणा में अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस की नई पहल, थानों के रिकॉर्ड खंगालकर बनेगी रणनीति

0
43
हरियाणा में अपराध पर नियंत्रण के लिए प्रदेश की पुलिस नई पहल करने जा रही है। पुलिस अपराध नियंत्रण के लिए प्रदेश स्तर के आंकड़ों के बजाय हर थाने का अलग रिकॉर्ड खंगालेगी।

Haryana News: हरियाणा में अपराध पर नियंत्रण के लिए प्रदेश की पुलिस नई पहल करने जा रही है। पुलिस अपराध नियंत्रण के लिए प्रदेश स्तर के आंकड़ों के बजाय हर थाने का अलग रिकॉर्ड खंगालेगी। किस इलाके में किस तरह के अपराध बढ़ रहे हैं, इसके पीछे क्या कारण हैं और किन जगहों पर पुलिस की गश्त बढ़ाने की जरूरत है, इसका विश्लेषण कर रणनीति बनाई जाएगी।

अपराध में 9% की कमी

हरियाणा के डीजीपी अजय सिंघल ने बुधवार को पंचकूला स्थित पुलिस मुख्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में ये निर्देश दिए। इस साल के पहले 10 महीनों में प्रदेश में कुल अपराध पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 9.41 प्रतिशत घटने का दावा किया गया है।

लापरवाह अधिकारियों पर भी एक्शन

बैठक में पुलिस महानिरीक्षक राकेश आर्य ने थानों के हिसाब से अपराध के बदलते पैटर्न की जानकारी दी। डीजीपी ने हत्या, डकैती समेत बढ़ते अपराधों के कारणों की पहचान करने और अपराध के स्थान व प्रकृति के अनुसार पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। सभी थानों में सीसीटीवी लगाने और लापरवाही करने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश भी दिए।

गुमशुदगी के केस के लिए टीम

18 वर्ष से कम उम्र की लापता लड़कियों और कमजोर वर्गों की गुमशुदगी के मामलों में विशेष टीमें बनाकर जल्द तलाश करने को कहा गया। अपराधियों, भगोड़ों, बेल जंपरों और मोस्ट वांटेड का डिजिटल डाटा भी जल्द तैयार होगा। आरजेएसएफ यूनिट को सत्यापन और डिजिटलीकरण का काम पूरा करने के निर्देश दिए गए।

नाके की होगी निगरानी

बिना नंबर प्लेट और एचएसआरपी के चलने वाले वाहनों पर कार्रवाई होगी। पुलिस आयुक्त और आईजी रात की नाकाबंदी की निगरानी करेंगे। रंगदारी की कॉल पर अभेद्य ऐप से मिलने वाले डाटा का तकनीकी विश्लेषण कर एसओपी के अनुसार कार्रवाई होगी।