कमरे में पत्नी के साथ प्रेमी को पकड़ा, पति, देवर, ससुर ने युवक को तड़पा-तड़पाकर मौत के घाट उतारा

0
30
उत्तर प्रदेश में विवाहिता से प्रेम प्रसंग में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। साढ़ थाना इलाके के गंभीरपुर गांव में युवक प्रेमिका के बुलाने पर आधी रात में उसके घर में मिलने पहुंचा था।

UP News: उत्तर प्रदेश में विवाहिता से प्रेम प्रसंग में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। साढ़ थाना इलाके के गंभीरपुर गांव में युवक प्रेमिका के बुलाने पर आधी रात में उसके घर में मिलने पहुंचा था। इसी बीच उसके पति को इसकी भनक लग गई, जिसके बाद उसे पीटकर अधमरा कर दिया गया। सुबह अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।

रातभर युवक की पिटाई की

जानकारी के मुताबिक, आधी रात महिला के बुलाने पर उसके घर पहुंचे प्रेमी को पति, देवर व ससुर ने मुंह बांधकर करीब एक घंटे तक लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। रात भर लहूलुहान प्रेमी आंगन में पड़ा रहा। सुबह जानकारी मिलने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर जा रहे थे पर रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। प्रेमी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने सास-बहू समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है। सास और बहू को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपी फरार हैं।

पति को लग गई भनक

गंभीरपुर गांव निवासी अतुल उर्फ गोपाल तिवारी (28) पेट्रोल पंप पर काम करने के साथ ऑटो भी चलाता था। शनिवार रात करीब 12:30 बजे बगल के मोहल्ले में रहने वाली विकास अवस्थी की पत्नी सुमन ने उसे फोन करके घर बुलाया। अतुल के कमरे में पहुंचने पर खटपट की आवाज सुनकर जागे पति विकास ने दरवाजा खुलवाया। अंदर अतुल को देखकर पिता कालिका उर्फ कल्लू और भाई मोहित के साथ मिलकर अतुल का मुंह बांधकर लाठी-डंडों से पिटाई शुरू कर दी।

अतुल ने परिवार को क्या बताया?

अतुल के बेहोश होने के बाद रविवार तड़के कालिका उर्फ कल्लू उसके घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। पिता विजय प्रकाश उर्फ पप्पू तिवारी और मां शीला मौके पर पहुंची तो अतुल आंगन में लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। ऑटो से अस्पताल ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया। अतुल की मां का आरोप है कि अर्धबेहोशी की हालत में अतुल ने बताया कि सुमन ने फोन कर बुलाया था। इसके बाद कल्लू, विकास व मोहित ने उसे जमकर पीटा।

पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार

प्रभारी निरीक्षक केके मिश्रा ने बताया कि प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या की गई है। मृतक के पिता विजय प्रकाश की तहरीर पर आरोपी कल्लू अवस्थी, उसके दोनों लड़के विकास व मोहित, पत्नी बबली और बहू सुमन के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।