UP News: देहरादून से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। एक तेज रफ्तार कंटेनर के कार पर पलट जाने से कार सवार चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में विश्वेश कपूर, उनकी मां किरण कपूर, पत्नी निशा कपूर और चालक नीरज शामिल हैं। छह साल के मासूम बेटे माहेर की जान बच गई, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
देहरादून जा रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक, कार सवार सभी लोग सहारनपुर से देहरादून की ओर आ रहे थे। यह परिवार सहारनपुर के कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र में गोकुल धाम कॉलोनी निवासी विश्वेश कपूर का था, जो अपनी पत्नी, मां और बेटे के साथ छोटे भाई दीपेश कपूर के घर देहरादून जा रहे थे। परिजनों के मुताबिक, विश्वेश के छोटे भाई की पत्नी गर्भवती हैं और इसी के चलते परिवार देहरादून जा रहा था। कार बुधवार शाम करीब चार बजे घर से निकली थी।
चार लोगों की मौत
इस भीषण हादसे में विश्वेश कपूर (38), उनकी पत्नी निशा कपूर (38), किरण कपूर (63) और कार चालक नीरज की मौत हो गई। हादसे के दौरान कार में सवार छह वर्षीय माहेर कपूर की जान बच गई। अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
गम में बदलीं खुशियां
कपूर परिवार के लिए दीवाली की खुशियां गम में बदल गईं। पड़ोसी प्रदीप ने बताया कि तीन दिन पहले ही विश्वेश ने दिवाली के लिए लड़ियां लाकर पूरे घर को सजाया था। इसके साथ ही आतिशबाजी भी की थी। परिवार में विश्वेश, उनकी पत्नी, मां और बेटा है। एक बड़ी बहन है, जिनकी शादी हो चुकी है।


