Punjab News: पंजाब के अमृतसर में पुलिस को अवैध हथियारों के तस्करों के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। अमृतसर देहात पुलिस ने अवैध हथियारों और विस्फोटक सामग्री की तस्करी करने वाले नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक AK-47 राइफल, एक मैगजीन, जिंदा कारतूस और दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए हैं।
विदेशी कनेक्शन आया सामने
पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में गिरफ्तार आरोपी के विदेश में बैठे हथियार तस्करों से संपर्क होने की बात सामने आई है। पुलिस अब उसके संपर्कों और नेटवर्क में उसकी भूमिका की जानकारी जुटा रही है। आरोपी कथित तौर पर अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त और सप्लाई से जुड़े नेटवर्क का हिस्सा है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि हथियारों की यह खेप आगे किसी व्यक्ति या आपराधिक नेटवर्क को पहुंचाई जानी थी या नहीं।
नेटवर्क का लगाया जा रहा पता
पुलिस आरोपी के विदेश में बैठे कथित संपर्कों की भी जानकारी जुटा रही है। जांच के दौरान हथियारों की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
गिरफ्तारी के बाद थाना घरिंडा, अमृतसर में आर्म्स एक्ट और एक्सप्लोसिव सब्सटेंस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है और बरामद हथियारों के स्रोत का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। जांच एजेंसियों का मुख्य फोकस इस बात पर है कि ए के – 47, कारतूस और हैंड ग्रेनेड आरोपी तक कैसे पहुंचे।


