Shimla Accident News: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा रोहड़ू उपमंडल के नावर क्षेत्र में दरोटी गांव के पास पानू नाला में हुआ। यहां नेपाली मजदूरों को काम के लिए ले जा रहा एक वाहन बेकाबू होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में दरोटी निवासी मां-बेटे के अलावा नेपाल की तीन महिला मजदूरों की भी जान चली गई। घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (IGMC) रेफर किया गया है।
मां-बेटे समेत पांच लोगों की मौत
जानकारी के मुताबिक हादसा शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे दरोटी संपर्क सड़क पर हुआ। वाहन में कुल छह लोग सवार थे। मृतकों की पहचान दरोटी निवासी कुशल और उनकी मां कल्पना देवी के रूप में हुई है। इनके अलावा नेपाल की रहने वाली निर्मला, मीना और रोशनी की भी हादसे में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कुशल अपनी मां और नेपाली महिला मजदूरों को खेतों में घास काटने के काम के लिए लेकर जा रहे थे। इसी दौरान वाहन अचानक बेकाबू हो गया और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल
इस दुर्घटना में एक अन्य व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में मदद की। घायल को पहले नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे बेहतर उपचार के लिए शिमला स्थित IGMC रेफर कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाई। अधिकारियों के अनुसार मृतकों के परिजनों को फौरी राहत के तौर पर 15-15 हजार रुपये दिए गए हैं।
CM सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जताया दुख
शिमला जिले में हुए इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने घायल व्यक्ति को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और उसके जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की। पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


