
14,270 उम्मीदवारों ने कंप्यूटर आधारित स्क्रीनिंग टेस्ट में लिया था भाग
Himachal News, (आज समाज), शिमला: हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग ने जूनियर बेसिक टीचर (जेबीटी) के 600 पदों का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। इन पदों को जॉब ट्रेनी आधार पर भरा गया है। आयोग ने शुक्रवार को पोस्ट कोड-25004 के तहत आयोजित कंप्यूटर आधारित स्क्रीनिंग परीक्षा का परिणाम जारी किया। कुल 595 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है, जबकि पांच पद अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होने के कारण रिक्त रह गए हैं।
आयोग के अनुसार इन पदों के लिए कुल 17,201 आवेदन प्राप्त हुए थे और सभी आवेदन अस्थायी तौर पर स्वीकार किए गए थे। कंप्यूटर आधारित स्क्रीनिंग परीक्षा में 16,173 अभ्यर्थी शामिल हुए, जबकि 1,028 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा में मेरिट के आधार पर 948 अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया था। दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया सात जुलाई से 21 जुलाई तक पूरी की गई।
दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया 16 सितंबर से होगी शुरू
परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद अब चयन प्रक्रिया के अगले चरण के तहत सफल उम्मीदवारों के दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। दस्तावेज सत्यापन 16 सितंबर को सुबह 10 बजे से हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग के परिसर में शुरू होगा। आयोग की ओर से संबंधित उम्मीदवारों को दस्तावेज सत्यापन की सूचना उनकी ईमेल के माध्यम से दी जाएगी। उम्मीदवारों को अलग से कोई बुलावा पत्र नहीं भेजा जाएगा।
लाने होंगे जरूरी दस्तावेज
दस्तावेज सत्यापन के दौरान अभ्यर्थियों को अपने साथ सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां, उनकी स्वप्रमाणित फोटो प्रतियों के दो-दो सेट, आवेदन पत्र की डाउनलोड की गई प्रति तथा पहचान पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज लाने होंगे। आयोग ने अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि पर सभी दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने को कहा है, ताकि सत्यापन प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
नहीं मिलेगा दूसरा मौका
आयोग ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई अभ्यर्थी निर्धारित तिथि को दस्तावेज सत्यापन के लिए उपस्थित नहीं होता है तो उसे इसके लिए बाद में कोई अन्य अवसर प्रदान नहीं किया जाएगा। इसलिए चयनित अभ्यर्थियों को तय समय पर आयोग परिसर में पहुंचना होगा।
ईमेल के माध्यम से दी जाएगी सूचना
राज्य चयन आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि सत्यापन प्रक्रिया 16 सितंबर को सुबह 10 बजे से आयोग परिसर में शुरू होगी। उम्मीदवारों को इसकी सूचना ईमेल के माध्यम से दी जाएगी और निर्धारित तिथि पर अनुपस्थित रहने वाले उम्मीदवार को दोबारा अवसर नहीं मिलेगा।

