Haryana News: हिसार में मामूली विवाद में युवक की हत्या, चाकू के वार से फेफड़ा फटने से हुई मौत

0
47
हिसार रेलवे स्टेशन पर सिरसा जिले के गांव जोधकां निवासी करण नाम के युवक की हत्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। जिला नागरिक अस्पताल में शनिवार को हुए पोस्टमॉर्टम में सामने आया कि चाकू करण के दाएं फेफड़े के आर-पार हो गया था जिससे उसकी मौत हुई।

Haryana News: हिसार रेलवे स्टेशन पर सिरसा जिले के गांव जोधकां निवासी करण नाम के युवक की मौत चाकू के वार से फेफड़ा फटने से हुई थी। जिला नागरिक अस्पताल में शनिवार को हुए पोस्टमॉर्टम में यह बात सामने आई है। इस हत्या के मामले में जीआरपी ने तीन नामजद युवकों सहित 6-7 अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

भोंपू बजाने को लेकर विवाद

परिजनों ने पहले आरोपियों की गिरफ्तारी तक शव लेने से इनकार कर दिया था। डीएसपी ने निष्पक्ष जांच और जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन शव लेकर गांव रवाना हुए। पुलिस को दिए बयान में करण के भाई अर्जुन ने बताया कि 23 अक्तूबर को वे सालासर से ट्रेन से लौट रहे थे। ट्रेन के डिब्बे में हिसार के शास्त्री नगर के कुछ युवक जोर-जोर से भोंपू बजा रहे थे। यात्रियों के ऐतराज करने पर युवकों ने बहस की और धमकी दी। हिसार पहुंचने पर हमलावरों ने अपने दोस्त बुला लिए थे।

आरोपियों ने चाकू से किया हमला

आरोपियों ने फुटओवर ब्रिज पर करण और उसके साथियों से झगड़ा शुरू कर दिया। इस दौरान करण, शुभम, राहुल और मोनू पर चाकू से हमला किया गया। अर्जुन ने मोहित चौहान, अरुण वाल्मीकि और रितिक सहित अन्य पर हत्या का आरोप लगाया। वारदात सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। रात करीब 11 बजे हाथ पर चोट लगा एक युवक जिला नागरिक अस्पताल पहुंचा, जिसे करण के साथियों ने पहचान लिया और पुलिस ने हिरासत में ले लिया। घायल मोनू को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जबकि राहुल और शुभम का जिला नागरिक अस्पताल में उपचार चल रहा है।

तीन नामजद के खिलाफ FIR

जीआरपी के डीएसपी कृष्ण कुमार ने बताया कि परिजनों के बयान पर तीन नामजद युवकों सहित अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। जीआरपी के अलावा सीआईए वन और सीआईए टू की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी में सहयोग कर रही हैं। कुछ जगहों पर दबिश भी दी गई है।