
मौसम विभाग ने 14 जिलों में बारिश का अलर्ट किया जारी
Haryana Weather Update, (आज समाज), चंडीगढ़: हरियाणा में गुरुवार को 6 जिलों में भारी बारिश हुई। जिन जिलों में बारिश हुई उनमें हिसार, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, पानीपत और रेवाड़ी शामिल है। इसके अलावा अंबाला और कुरुक्षेत्र के कुछ हिस्सों में भी बारिश हुई। मौसम विभाग चंडीगढ़ केंद्र के अनुसार, 14 जिलों फतेहाबाद, हिसार, हांसी, जींद, भिवानी, चरखीदादरी, रोहतक, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, नूंह, फरीदाबाद, पलवल तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने का अनुमान है।
वहीं, भारी बारिश और जलभराव की स्थिति के कारण गुरुग्राम में नेशनल हाईवे पर मानेसर के पास जाम लग गया। सेक्टर 55 में जलभराव स्कूली बस समेत कई वाहन फंस गए। इसे देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने वर्क फ्रॉम होम की एडवाइजरी जारी की है। पुलिस की ओर से कॉपोर्रेट क्षेत्र और निजी प्रतिष्ठानों से अपील की है कि अपने ज्यादा से ज्यादा कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम (घर से काम करने) की सुविधा प्रदान करें। उधर, हिसार में भी जलभराव हो गया, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। नूंह जिले के पीएम श्री स्कूल गांव साकरस में 3 से 4 फुट पानी भर गया। इसमें बच्चे नहाते नजर आए।
रेवाड़ी में मकान गिरा, मां-बेटा मलबे में दबे

रेवाड़ी के कोहरड़ गांव में बरसात के चलते एक मकान गिर गया। घटना के समय मकान में सो रही महिला और एक 7 वर्षीय बच्चा घायल हो गया। सरपंच प्रतिनिधि रणबीर ने बताया कि बरसात के दौरान यह घटना हुई। मलबे के नीचे दबने से ओमप्रकाश की पुत्रवधू को चोटें आई हैं, जबकि उसके सात वर्षीय भतीजे को मामूली चोटें आई हैं। ओमप्रकाश का मकान गिरने से उनके पड़ोसी ईश्वर के मकान की दीवार का हिस्सा भी गिर गया।
यमुनानगर में पथराला नदी का तटबंध टूटा, फसलें जलमग्न
यमुनानगर के रायपुर गांव के पास पथराला नदी का तटबंध टूटने से नदी का पानी तेजी से आसपास के खेतों में फैल गया। इससे तरुवाला, रायपुर, बलौली, याकूबपुर और ऊर्जनी समेत आसपास के कई गांवों की सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि जलमग्न हो गई। पथराला नदी में 5 हजार क्यूसेक जलप्रवाह होने पर बाढ़ की स्थिति मानी जाती है, जबकि फिलहाल नदी में करीब 5,700 क्यूसेक पानी बह रहा है।

