Haryana News: पानीपत जिले में मंगलवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में बाइक सवार की दर्दनाक मौत हो गई। जीटी रोड पर सिवाह गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से यह हादसा हुआ। मृतक की पहचान डाडोला गांव निवासी 32 वर्षीय राहुल के रूप में हुई है।
अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी
परिजनों ने बताया कि राहुल एक कंपनी में ड्राइवर का काम करता था। वह रोजाना की तरह सोमवार को रात में कंपनी में काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहा था। वह जीटी रोड पर सिवाह गांव के पास पहुंचा तो किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
अस्पताल में तोड़ा दम
टक्कर लगने से राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस कर रही कार्रवाई
सेक्टर-29 औद्योगिक थाना प्रभारी रोबिन ने बताया कि सड़क हादसे में युवक की मौत की सूचना मिली थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को जिला नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।


