सेक्टर-21पुलिस ने नौकरानी और उसके बेटे को हिरासत में लिया
Haryana Crime News (आज समाज), पंचकूला : हरियाणा के पंचकूला में एक सनसनीखेज वारदात में 10 साल से घर में काम कर रही नौकरानी ने न केवल मकान मालिकों को धोखा देते हुए गहने चोरी किए। बल्कि पकड़े जाने के डर से अपनी मकान मालकिन की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद पकड़े जाने के डर से उसने मालकिन के शव को पड़ौसियों के छत पर छिपा दिया। ताकि बाद में मौका मिलते ही इसे खुर्द-बुर्द कर दिया जाए। हालांकि वह अपनी योजना में पूरी तरह से कामयाब नहीं हो सकी और पुलिस ने आरोपी नौकरानी और उसके बेटे को हिरासत में लेकर जब पूछताछ की तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
यह है पूरा मामला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नीरा मेहता (70) सेक्टर-21 के हाउस नंबर 366 में अपने पति चंद्रमोहन के साथ रहती थीं। चंद्रमोहन भारतीय सेना से रिटायर्ड कैप्टन हैं, जबकि उनके दोनों बेटे अमेरिका में रहते हैं। घर में सिर्फ बुजुर्ग दंपती ही रहते थे। उनके घर में सुनीता पिछले करीब 10 साल से नौकरानी के तौर पर काम कर रही थी। लंबे समय से घर में काम करने के कारण परिवार का उस पर पूरा भरोसा था।
सुनीता अपने पति और बेटे के साथ इसी सेक्टर के हाउस नंबर 483 में रहती है। जिस मकान में वह रहती है, उसके मालिक ने सुनीता के परिवार को केयरटेकर के तौर पर रखा हुआ है। मकान मालिक बाहर रहता है, इसलिए सुनीता और उसका परिवार वहीं रहकर मकान की देखभाल करता था।
गहनों के बारे में पूछताछ करने पहुंची थी नीरा
सोमवार को नीरा के घर से कुछ गहने गायब होने की बात सामने आई थी। इसी को लेकर उन्हें सुनीता पर शक हुआ। सोमवार सुबह जब उनके पति चंद्रमोहन गोल्फ खेलने के लिए घर से निकले, तब नीरा ने उन्हें बताया कि वह सुनीता से गहनों के बारे में पूछताछ करने हाउस नंबर 483 जा रही हैं। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटीं। पुलिस के अनुसार, मृतका चोरी हुए गहनों के बारे में पूछताछ करने नौकरानी के घर पहुंची थीं।
इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। जिसके बाद उसने उक्त नौकरानी ने नीरा की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद मां-बेटा वापस अपने घर आ गए। रात को जब सुनीता का पति घर लौटा तो उसे भी इस बारे में कुछ नहीं बताया गया। पुलिस ने मां-बेटे के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है और दोनों से पूछताछ की जा रही है।
ये भी पढ़ें : Punjab Breaking News : पंजाब को दहलाने की फिराक में थे आतंकी, पुलिस ने इस तरह किया बेनकाब, 9 काबू


