Gurugram Construction Ban: दिल्ली-एनसीआर में एयर पॉल्यूशन को कंट्रोल करने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) ने 5 नवंबर से 20 नवंबर तक कई प्रतिबंध लागू करने का फैसला किया है। इसके तहत गुरुग्राम समेत पूरे एनसीआर में धूल पैदा करने वाली बाहरी निर्माण और तोड़फोड़ गतिविधियों पर रोक रहेगी। वहीं, गुरुग्राम समेत पांच एनसीआर जिलों के सरकारी और निजी ऑफिसेज में 50 प्रतिशत कर्मचारियों को ही ऑफिस बुलाने के निर्देश दिए गए हैं। बाकी 50% कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम करना होगा।
20 नवंबर तक निर्माण कार्यों पर रोक
CAQM के आदेश के मुताबिक 5 नवंबर से 20 नवंबर तक गुरुग्राम समेत पूरे NCR में धूल पैदा करने वाली निर्माण और तोड़फोड़ गतिविधियां बंद रहेंगी। इसका उद्देश्य निर्माण स्थलों से निकलने वाली धूल और प्रदूषण को कम करना है। इस प्रतिबंध के दायरे में सड़क निर्माण, हाईवे, फ्लाईओवर, ओवरब्रिज, बिजली ट्रांसमिशन लाइन, पाइपलाइन और टेलीकम्युनिकेशन से जुड़े प्रोजेक्ट भी शामिल हैं। केवल सामान्य बिल्डिंग निर्माण ही नहीं, बल्कि कई बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट पर भी इसका असर पड़ेगा। हालांकि रेलवे, मेट्रो, एयरपोर्ट, अंतरराज्यीय बस टर्मिनल, अस्पताल, जलापूर्ति और स्वच्छता से जुड़े जरूरी प्रोजेक्ट के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा, रक्षा और राष्ट्रीय महत्व की परियोजनाओं को छूट दी गई है।
सरकारी-प्राइवेट ऑफिसेज में 50% WFH
प्रदूषण कम करने के लिए CAQM ने कार्यालयों में कर्मचारियों की उपस्थिति सीमित करने का भी निर्देश दिया है। इसके तहत दिल्ली और NCR के गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, गाजियाबाद और गौतम बुद्ध नगर जिलों में सरकारी और निजी कार्यालयों में अधिकतम 50 प्रतिशत कर्मचारी ही कार्यालय में उपस्थित रह सकेंगे। बाकी कर्मचारियों को घर से काम करना होगा। कार्यालयों को कर्मचारियों की संख्या के अनुसार रोस्टर तैयार करना होगा, ताकि नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके। हालांकि जिन औद्योगिक प्रतिष्ठानों और आवश्यक सेवाओं में वर्क फ्रॉम होम की व्यवस्था व्यावहारिक नहीं है, उन्हें छूट दी गई है।
नियम न मानने पर होगी सख्त कार्रवाई
CAQM ने संबंधित राज्य सरकारों और प्रशासनिक अधिकारियों को आदेशों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। निर्माण स्थलों पर प्रतिबंध की निगरानी की जाएगी और कार्यालयों में कर्मचारियों की उपस्थिति को लेकर भी व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी। प्रशासन का मानना है कि निर्माण गतिविधियों से निकलने वाली धूल को नियंत्रित करने और वाहनों की आवाजाही कम करने से प्रदूषण के स्तर को नीचे लाने में मदद मिलेगी। फिलहाल ये प्रतिबंध 20 नवंबर तक लागू रहेंगे।


