Cyber fraud of 8.72 lakh Rupees(आज समाज नेटवर्क ) भिवानी। थाना साइबर क्राइम पुलिस भिवानी ने टाटा सोलर एजेंसी दिलाने के नाम पर ₹8,72,200 की ऑनलाइन ठगी करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद सात दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के निर्देश पर साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। मामले की जांच कर रही टीम का नेतृत्व सहायक उप निरीक्षक विजय कुमार ने किया।पुलिस के अनुसार, भिवानी निवासी सुनील ने शिकायत दी थी कि वह विभिन्न कंपनियों की सोलर एजेंसियां संचालित करता है और नई एजेंसी लेने के लिए उसने ऑनलाइन आवेदन किया था। इसी दौरान आरोपियों ने एक फर्जी वेबसाइट के जरिए खुद को टाटा सोलर एजेंसी उपलब्ध कराने वाला बताकर उससे अलग-अलग ऑनलाइन ट्रांजैक्शनों के माध्यम से कुल ₹8,72,200 की राशि ले ली। रकम लेने के बाद न तो एजेंसी उपलब्ध कराई गई और न ही पैसे लौटाए गए।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने बिहार के पटना से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया
शिकायत के आधार पर थाना साइबर क्राइम भिवानी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने बिहार के पटना से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आर्यन पुत्र निरंजन निवासी गंगापुर, जिला जहानाबाद (हाल निवासी विजय नगर, रुकनपुरा, पटना), अभिषेक कुमार पुत्र अजय निवासी रायपुर, जिला पटना (हाल निवासी रुकनपुरा, पटना) तथा इंद्रलोक पुत्र अशोक निवासी जिला नालंदा, बिहार (हाल निवासी विजय नगर, रुकनपुरा, पटना) के रूप में हुई है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि आर्यन और अभिषेक लोगों को फोन कर झांसे में लेते थे, जबकि इंद्रलोक उन्हें आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराता था।पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर सात दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान उनसे गहन पूछताछ की जाएगी। साथ ही इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास भी जारी हैं।
यह भी पढ़े:- Uttar Pradesh News : जिसकी हो रही थी तेरहवीं, वह जिंदा घर लौट आया


