
करीब 30 राउंड हुई फायरिंग, ब्लैक स्कॉर्पियो छलनी की
Charkhi Dadri Crime News, (आज समाज), चरखी दादरी: हरियाणा का चरखी-दादरी आज गोलियों की आवाज से गूंज उठा। गुरुवार को पुलिस स्टेशन के सामने बाइक सवार तीन बदमाशों ने ब्लैक स्कॉर्पियो में बैठे 7 लोगों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। 30 राउंड फायरिंग से ब्लैक स्कॉर्पियो को छलनी किया। गोलियों की गूंज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो सवार कोर्ट से पेशी भुगतकर आ रहे थे। पुलिस इसे गैंगवार मान रही है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया। जिसमें ब्लैक स्कॉर्पियों में लहूलुहान युवक बैठे दिख रहे हैं।
वहीं, एक हमलावर हाथ में रिवॉल्वर लेकर भागता दिखा। घटना दादरी शहर में सिटी थाने के पास की है। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है, जबकि गोलीबारी की वजह की जांच जारी है। चरखी दादरी के एसपी लोगेश कुमार पी. के अनुसार, दोपहर 1 बजे घटना की जानकारी मिली। शुरूआती जांच में गैंगवार से जुड़ी घटना लग रही है। अभी जांच जारी है।
हमलावर हथियार लहराते हुए फरार
पुलिस की शुरूआती जांच में सामने आया है कि तीन बदमाश एक बाइक पर सवार होकर आए। आरोपियों ने थाने के सामने स्कॉर्पियो के आगे बाइक अड़ाकर उसे रुकवा लिया। इसके बाद ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों हमलावर हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। एक हमलावर की फुटेज भी सामने आई।
घायल लोगों को पीजीआई रोहतक किया रेफर
फायरिंग में 7 लोगों के घायल होने की सूचना है। इनमें अंकित (चरखी दादरी), कीर्तिमान (हिसार), सूरज (मानहेरू), अंकित (भिवानी), सनी (हिसार), कृष्ण (महेंद्रगढ़) और अमित (फतेहगढ़) शामिल हैं। सभी को पहले दादरी सिविल अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत देखते हुए रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया।
हमलावरों की तलाश तेज, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान हो सके। इसके साथ ही आसपास के थाना क्षेत्रों को भी अलर्ट कर दिया गया है और संदिग्ध वाहनों व बदमाशों की तलाश में नाकेबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि यह गैंगवार का मामला हो सकता है। हालांकि अभी हमलावरों की पहचान नहीं हुई है।

