
पानीपत की गांधी कॉलोनी की रहने वाली थी नेहा, दोस्तों संग गई थी घूमने
Haryana Woman Death, (आज समाज), पानीपत: उत्तराखंड के सहस्त्रधारा घूमने आई हरियाणा की एक युवती की सेल्फी लेने के दौरान नदी में गिरने से मौत हो गई। पैर फिसलने के बाद महिला नदी के तेज बहाव में बह गई। पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों ने काफी प्रयास के बाद उसे नदी से बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान शहर की गांधी कॉलोनी निवासी नेहा आर्य (28) के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में गम का माहौल है। बताया जा रहा है कि नेहा सहस्त्रधारा क्षेत्र में फोटो खिंचवा रही थी, तभी यह हादसा हुआ।
साथियों ने किया बचाने का प्रयास
जानकारी के अनुसार, पानीपत के रेलवे स्टेशन के पास स्थित गांधी कॉलोनी की रहने वाली नेहा आर्य अपने कुछ दोस्तों के साथ देहरादून के सहस्त्रधारा घूमने गई थी। शनिवार को सहस्त्रधारा में पानी का बहाव तेज था। घूमते समय अचानक नेहा का पैर फिसल गया और वह सीधे नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गई।
साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी के तेज बहाव के कारण वह बहती चली गई। मौके पर तैनात पुलिस कांस्टेबल संदीप जोगीवाल ने घटना की जानकारी तुरंत चौकी आईटी पार्क पुलिस और एसडीआरएफ की टीम को दी।
रेस्क्यू टीम ने लोगों की मदद से बाहर निकाला
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी उप निरीक्षक प्रवेश रावत पुलिस बल और एसडीआरएफ टीम के साथ मौके पर पहुंचे। तब तक नेहा बहकर सहस्त्रधारा जॉयलैंड के पास पहुंच चुकी थी। रेस्क्यू टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से नेहा को पानी से बाहर निकाला। गंभीर हालत में 108 एंबुलेंस की मदद से उसे तुरंत देहरादून के कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने स्वास्थ्य जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
नेहा के घर पर पसरा मातम
देहरादून पुलिस ने नेहा के पास मिले दस्तावेजों और मोबाइल के आधार पर पानीपत स्थित उसके परिजनों से संपर्क किया और हादसे की जानकारी दी। बेटी की मौत की खबर मिलते ही गांधी कॉलोनी स्थित नेहा के घर में मातम छा गया।
गमगीन माहौल में परिजन तुरंत देहरादून के लिए रवाना हुए। देहरादून पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम व आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पानीपत पुलिस भी स्थानीय स्तर पर परिजनों के संपर्क में है।

