30 Lakh Robbery in Panipat: हरियाणा के पानीपत जिले में बुधवार रात 30 लाख रुपये की लूट का मामला सामने आया है। बसताड़ा गांव के अड्डे के पास पुल के नीचे 4-5 बदमाशों ने एक कार को घेरकर युवक से रुपयों से भरा बैग छीन लिया। आरोपियों ने पिस्टल के बल पर वारदात को अंजाम दिया और विरोध करने पर युवक के साथ मारपीट भी की। वारदात के बाद बदमाश बिना नंबर की काली स्कॉर्पियो में बैठकर फरार हो गए।
दिल्ली से करनाल जा रहा था युवक
गांव माजरा रोडान निवासी नरेंद्र पुत्र पालाराम ने पुलिस को बताया कि वह अपने तीन साथियों के साथ कार से दिल्ली से करनाल की ओर आ रहा था। उसके पास 30 लाख रुपये थे। यह रकम रजिस्ट्री से संबंधित भुगतान के लिए लाई गई थी। बसताड़ा के पास वह पेमेंट लेने वाले व्यक्ति के पहुंचने का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान एक काले रंग की बिना नंबर की स्कॉर्पियो उनकी कार के आगे आकर रुकी। कुछ ही देर में स्कॉर्पियो से 4-5 युवक नीचे उतरे और नरेंद्र की कार को चारों तरफ से घेर लिया। बदमाश सीधे कार की डिग्गी के पास पहुंचे और उसमें रखे रुपयों के बैग के बारे में पूछते हुए डिग्गी खोलने के लिए कहा।
विरोध करने पर पिस्टल तानी
नरेंद्र के अनुसार जब उसने बदमाशों का विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर पिस्टल तान दी। इसके बाद उसके साथ मारपीट शुरू कर दी गई। बदमाशों ने पिस्टल की बट से उसकी आंख के ऊपर वार किया और डंडों से भी पीटा। घायल करने के बाद आरोपी कार में रखा 30 लाख रुपये से भरा बैग लेकर अपनी स्कॉर्पियो में सवार हुए और मौके से फरार हो गए। नरेंद्र के साथ कार में मौजूद उसके तीनों साथी भी वारदात के समय वहां थे। पीड़ित के मुताबिक पिस्टल देखकर वे सहम गए और कार से बाहर नहीं निकले। बदमाशों ने नरेंद्र को काबू करने के बाद रुपयों का बैग अपने कब्जे में लिया और वहां से निकल गए।
मौके से जिंदा कारतूस बरामद
लूट की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार मौके से एक मैग्जीन और एक जिंदा राउंड बरामद हुआ है। हालांकि वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल अभी पुलिस को नहीं मिली है। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के जरिए बदमाशों की पहचान करने और उनकी स्कॉर्पियो का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बदमाशों को 30 लाख रुपये के बारे में पहले से जानकारी थी या उन्होंने मौके पर ही कार को निशाना बनाया।


