Haryana News: हिसार से गुरुवार को एक दर्दनाक खबर सामने आई है। जिले के आजाद नगर क्षेत्र में लिव-इन में रह रहे युवक और महिला ने जहर खाकर जान दे दी। दोनों ने बुधवार शाम को जहर खा लिया था, जिसके बाद युवक की तुरंत मौत हो गई थी। महिला को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था जहां आज उसकी भी मौत हो गई।
दिल्ली में मिले थे दोनों
युवक के भाई किरमारा गांव निवासी प्रवीण ने बताया कि सचिन और मनीषा की मुलाकात दिल्ली में प्रतियोगी परीक्षा की कोचिंग के दौरान हुई थी। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग होने के बाद वे पिछले करीब 6 महीने से हिसार के आजाद नगर में लिव-इन रिलेशनशिप में साथ रह रहे थे। परिवार वालों का उससे कोई संपर्क नहीं था। बुधवार शाम को आजाद नगर थाने से उनके पास फोन आया कि सचिन और उसके साथ रहने वाली महिला मनीषा ने जहर निगल लिया है। इसके बाद वह हिसार आए।
शादीशुदा थी महिला
उन्होंने बताया कि महिला का नाम मनीषा है और वह शादीशुदा है। वह रोहतक जिले की रहने वाली है। इसका एक 12 साल का बेटा भी है। उसका पति सेना में नौकरी करता है। प्रवीण ने बताया कि सचिन हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में सुरक्षाकर्मी की नौकरी करता था। सचिन और मनीषा दोनों एक ही जाति से संबंध रखते हैं।


