Chandigarh Crime Branch ASI Death: चंडीगढ़ पुलिस की क्राइम ब्रांच में तैनात सहायक उप-निरीक्षक (ASI) सतपाल सिंह का शव सेक्टर-42 स्थित उनके सरकारी आवास में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका हुआ मिला। मृतक पुलिसकर्मी क्राइम ब्रांच में मालखाना मुंशी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। घटना के समय वह घर पर अकेले थे, क्योंकि उनके परिवार के अन्य सदस्य रोहतक में एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने गए हुए थे। शुरुआती जांच में छुट्टी न मिलने के कारण मानसिक तनाव की बात सामने आ रही है। हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार एएसआई सतपाल सिंह मूल रूप से हरियाणा के झज्जर जिले के जाखौदा गांव के रहने वाले थे। मंगलवार दोपहर अपनी ड्यूटी समाप्त करने के बाद वह सेक्टर-42 स्थित अपने सरकारी आवास पर लौटे थे। मंगलवार शाम को जब परिजनों ने उन्हें फोन किया, तो कोई जवाब नहीं मिला। लगातार संपर्क न होने पर परिवार ने पड़ोसियों से घर जाकर सुध लेने का अनुरोध किया। पड़ोसियों ने जब मौके पर जाकर देखा तो अंदर से दरवाजा कुंडी बंद था। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां सतपाल सिंह फंदे से लटके हुए मिले। पुलिसकर्मियों ने उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (FSL) की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मौके से कोई नोट बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है, ताकि मौत का सटीक कारण पता चल सके।
छुट्टी को लेकर तनाव की चर्चा
पुलिस सूत्रों के मुताबिक सतपाल सिंह को परिवार में होने वाले एक विवाह समारोह में शामिल होना था। उनकी भतीजी की शादी बताई जा रही है। इसके लिए उन्होंने लगभग एक महीने की लंबी छुट्टी के लिए आवेदन किया था, लेकिन उन्हें केवल पांच दिन की ही छुट्टी मिली थी। चर्चा है कि इसी बात को लेकर वह मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। आशंका है कि इसी के चलते उन्होंने कोई घातक कदम उठाया हो, लेकिन अभी इसकी पुष्टि होना बाकी है।


