Chandigarh Encounter News: चंडीगढ़ के सेक्टर-22 में 17 साल के स्टूडेंट नैतिक की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। इस हत्याकांड के एक आरोपी और पुलिस के बीच सेक्टर-50 में मुठभेड़ हुई, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। बताया जा रहा है कि पुलिस आरोपी को वारदात में इस्तेमाल हथियार समेत अन्य साक्ष्यों की रिकवरी के लिए लेकर गई थी। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
रिकवरी के दौरान पुलिस पर हमला
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पुलिस छात्र हत्याकांड में पकड़े गए आरोपी को रिकवरी के लिए सेक्टर-50 लेकर गई थी। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस पर हमला कर दिया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई, जो आरोपी के पैर में लगी। गोली लगने से घायल आरोपी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है। पुलिस अब इस घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
23 अक्टूबर की रात हुई थी छात्र की हत्या
यह मामला 22 अक्टूबर की रात चंडीगढ़ के सेक्टर-22 स्थित सनातन धर्म मंदिर के पास हुई गोलीबारी से जुड़ा है। 17 वर्षीय छात्र नैतिक ऑटो-रिक्शा से अपने घर लौट रहा था, तभी मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने उस पर गोलियां चला दीं। नैतिक को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। गोलीबारी में ऑटो चालक भी घायल हुआ था। पुलिस की शुरुआती जांच में छात्रों के दो गुटों के बीच पुरानी रंजिश सामने आई थी। बताया गया कि घटना से पहले सेक्टर-34 में दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था और झगड़े का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए जाने के बाद तनाव बढ़ गया था।
लक्की पटियाल गैंग से कनेक्शन की जांच
जांच के दौरान पुलिस ने गैंगस्टर लक्की पटियाल के नेटवर्क से संभावित संबंधों की भी पड़ताल शुरू की। पुलिस को संदेह था कि एक नाबालिग ने गैंग से जुड़े लोगों के संपर्क में आकर नैतिक की पहचान हमलावरों को कराई। दो संदिग्धों के फरार होने की जानकारी भी रिपोर्ट में दी गई थी। पुलिस ने यह स्पष्ट करने की कोशिश की कि वारदात व्यक्तिगत रंजिश का परिणाम थी या इसके पीछे किसी संगठित गिरोह की भूमिका थी।


