Chamoli Helicopter Crash: देवभूमि कहे जाने वाले उत्तराखंड से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. चमोली जिले के जोशीमठ क्षेत्र में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया. बदरीनाथ धाम से छह यात्रियों को लेकर ऋषिकेश जा रहा एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया.
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी इस घटना की जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि बद्रीनाथ से पांच श्रद्धालुओं को लेकर देहरादून जा रहा एक हेलीकॉप्टर शुक्रवार को जोशीमठ के पास चांई गांव के नजदीक दुर्घटनाग्रस्त हो गया. क्षेत्र में मौसम खराब होने के बीच यह हादसा हुआ.
खराब मौसम के बीच हेलीकॉप्टर का संपर्क टूटा
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) के मुताबिक, ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का हेलीकॉप्टर VT-HCX शुक्रवार दोपहर करीब 1:14 बजे बदरीनाथ से देहरादून के सहस्रधारा के लिए रवाना हुआ था. जोशीमठ घाटी के ऊपर उड़ान के दौरान हेलीकॉप्टर का संपर्क टूट गया. इसके बाद ट्रैकिंग सिस्टम पर भी उसकी लोकेशन दिखाई देना बंद हो गई.एहतियात के तौर पर ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के पूरे हेलीकॉप्टर बेड़े को उड़ान भरने से रोक दिया गया.
SDRF की टीम घटनास्थल के लिए रवाना
चमोली के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी ने बताया कि बदरीनाथ धाम में दर्शन कराने के बाद श्रद्धालुओं को लेकर देहरादून लौट रहा हेलीकॉप्टर ज्योतिर्मठ (पूर्व में जोशीमठ) क्षेत्र के चांई गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया. उन्होंने बताया कि जोशीमठ के मारवाड़ी इलाके में चांई गांव के पास पहाड़ी के नजदीक हेलीकॉप्टर से संपर्क टूट गया था. नंद किशोर जोशी के अनुसार, खोज और बचाव अभियान के लिए जोशीमठ से राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की एक टीम घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गई है.
प्रशासन और अन्य एजेंसियां राहत-बचाव में जुटीं
हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और अन्य संबंधित एजेंसियों की टीमें सक्रिय हो गईं. पहाड़ी क्षेत्र में दुर्घटनास्थल तक पहुंचने और तलाशी अभियान चलाने के लिए अधिकारियों के बीच समन्वय किया जा रहा है. अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जानकारी में हेलीकॉप्टर के बदरीनाथ धाम से देहरादून के लिए दोपहर करीब 1:12 बजे रवाना होने की बात सामने आई थी. हालांकि, उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के मुताबिक, हेलीकॉप्टर ने करीब 1:14 बजे उड़ान भरी थी.


