Punjab News: विभिन्न ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन करने भारत आया 49 सदस्यीय पाकिस्तानी सिख जत्था अटारी-वाघा सीमा मार्ग से गुरुवार को अपने वतन लौट गया। पहलगाम आतंकी हमले के बाद से ही अटारी-वाघा सीमा मार्ग बंद था, जिसकी वजह से उनकी वतन वापसी में दिक्कतें आ रही थीं। इसके बाद, गृह मंत्रालय ने उन्हें सड़क मार्ग से वापस भेजने की अनुमति दी थी।
30 अक्तूबर को लौटना था वापस
जानकारी के मुताबिक, यह जत्था 8 अक्तूबर को उज्बेकिस्तान एयरवेज के विमान से लाहौर से ताशकंद होते हुए नई दिल्ली पहुंचा था। जत्थे में 21 पुरुष, 26 महिलाएं और दो बच्चे शामिल थे। श्रद्धालुओं को भारत के विभिन्न ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन करने थे। यात्रा पूरी होने के बाद 30 अक्तूबर को दिल्ली से ताशकंद होते हुए पाकिस्तान लौटने के लिए उन्होंने महंगी हवाई टिकटें भी बुक करवाई थीं।
वापसी मार्ग बदलने का किया अनुरोध
हालांकि, वापसी का हवाई मार्ग बदलने के लिए दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका और कमेटी के अंतरराष्ट्रीय मामलों के मुख्य सलाहकार परमजीत सिंह चंडोक ने केंद्रीय गृह मंत्रालय से संपर्क किया।
सड़क मार्ग से वापसी की अनुमति
इसके बाद, मंत्रालय ने विशेष मामले के तौर पर सड़क मार्ग से वापसी की अनुमति दे दी। इससे श्रद्धालुओं को महंगे हवाई सफर के खर्च से राहत मिली है। उन्होंने अपनी वापसी की हवाई टिकटें सरेंडर कर दी हैं और रिफंड की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
सरकार का जताया आभार
जत्थे के नेता पपिंदर सिंह ने इस व्यवस्था के लिए भारत और पाकिस्तान सरकार के साथ दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी का आभार जताया है।


