Rajasthan News: राजस्थान के दौसा से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें हैवानियत की सारी हदें पार हो गई हैं। एक नाबालिग गर्भवती लड़की के साथ सामूहिक रूप से दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। इसी दौरान लड़की का प्रसव हो गया और उसने एक बच्ची को जन्म दिया। लोगों की मदद से किसी तरह लड़की अस्पताल पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने नवजात बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
वारदात से हर कोई सन्न
इस वारदात के बारे में सुनकर हर कोई सन्न हैं। दरिंदों ने यह भी नहीं देखा कि लड़की गर्भवती है। जानकारी के मुताबिक, पीड़ित लड़की को तीन बदमाशों ने किडनैप किया था और फिर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के पास उसका गैंगरेप किया। वारदात के बाद आरोपी पीड़ित लड़की को कलेक्ट्रेट चौराहे पर छोड़कर भाग गए। पीड़िता किसी तरह कपड़ों में लिपटी नवजात को लेकर अस्पताल पहुंची।
लड़की को किया था किडनैप
आरोप है कि रात के समय तीन आरोपी 16 साल की बच्ची को कार में बैठाकर ले गए और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के पास बारी-बारी उसका रेप किया। घटनाक्रम की भयावहता इस बात से सामने आई कि पीड़िता ने इसी दौरान एक नवजात बच्ची को जन्म दिया। प्रसव के बाद पीड़िता नवजात को कपड़ों में लपेटकर अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टर्स ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया। पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।
आरोपी कर रहा था शोषण
मामले में एक आरोपी का नाम भी सामने आया है। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी पर फरवरी और मई 2026 में भी नाबालिग के साथ अवैध संबंध बनाने का आरोप है। बताया जा रहा है कि इसी दौरान पीड़िता गर्भवती हो गई थी। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच और पीड़िता के बयानों के आधार पर होगी।
पुलिस ने लिया बयान
वारदात की जानकारी मिलने के बाद कोलवा थानाधिकारी मनोहर लाल दौसा जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिस की ओर से पीड़िता के बयान लेने की कार्रवाई की जा रही है। बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना के पूरे घटनाक्रम, आरोपियों की भूमिका तथा वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जाएगी।


