Himachal News: सिरमौर जिले के गिरिपार में शिलाई खत (परगना) के 52 गांवों ने सामाजिक कुरीतियों और शादी में फिजूलखर्जी को खत्म करने की दिशा में कई फैसले लिए हैं। अब विवाह समारोहों में बरातियों की संख्या 100 से ज्यादा नहीं होगी। साथ ही, दहेज प्रथा पर रोक के साथ दूल्हा-दुल्हन सहित अन्य लोगों के नाचने पर पैसे देने की रस्म भी बंद करने का निर्णय लिया गया है।
बरात में शराब पर प्रतिबंध
बरात में शराब ले जाने और परोसने पर भी प्रतिबंध रहेगा। इन नियमों का उल्लंघन करने पर 52 हजार रुपये दंड का प्रावधान किया है। शिलाई गांव स्थित माता ठारी के सांझा प्रांगण में खत के जेलदार दिनेश तोमर की अध्यक्षता में हुई बैठक में सर्वसम्मति से ये निर्णय लिए गए।
शादी में फिजूलखर्ची पर रोक
बैठक में विवाह समारोहों में अनावश्यक खर्च कम करने, गरीब और मध्य वर्गीय परिवारों पर आर्थिक बोझ घटाने और पारंपरिक संस्कृति को संरक्षित रखने पर चर्चा हुई। प्रतिनिधियों ने सामाजिक आयोजनों में सादगी को बढ़ावा देने और अनावश्यक आर्थिक दबाव डालने वाली रस्मों को सीमित करने पर सहमति जताई।
बरात में अधिकतम 100 लोग
बैठक में तय किया कि शादी में बरातियों की संख्या 100 से अधिक नहीं होगी। लकड़ी कटाई की रस्म में भी केवल 20 से 25 लोग शामिल हो सकेंगे। इस अवसर पर अन्य लोगों और मेहमानों को आमंत्रित नहीं किया जाएगा। इसके अलावा समारोह में मीट खाने की प्रथा बंद करने का निर्णय लिया गया।
दहेज पर पूरी तरह रोक
खत के प्रतिनिधियों ने दहेज प्रथा पूरी तरह बंद करने का फैसला लिया। पारंपरिक रीति-रिवाजों के तहत केवल निर्धारित सोबो-पाईतो (बर्तन देने की परंपरा) देने की बात कही गई।
दुल्हन के लिए 5 गहने तय
फैसले के मुताबिक, दुल्हन के लिए कानों के गहने, नाक का गहना, मंगलसूत्र, पैरों की पायल और चुटकी सहित पांच प्रकार के गहने निर्धारित किए हैं। गांव की अन्य महिलाओं के लिए भी गहनों की यही सीमा तय की गई है।
नेवदा में 10 रुपये तय
नेवदा रस्म को पुरानी परंपरा के रूप में जारी रखने पर सहमति बनी। इसके तहत नेवदे के रूप में 10 रुपये और मामा के ढंग के रूप में 501 रुपये निर्धारित किए गए हैं। मामा के स्वागत की रस्म में भी बदलाव किया है।


